रोजगार मेला, फ्री लाइब्रेरी और वाई-फाई दिलाना प्राथमिकता:एमएलसी स्नातक चुनाव में अकरम रजा ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में किया है नामांकन

Oct 13, 2026 - 20:07
0
रोजगार मेला, फ्री लाइब्रेरी और वाई-फाई दिलाना प्राथमिकता:एमएलसी स्नातक चुनाव में अकरम रजा ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में किया है नामांकन
जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता सैयद आमिर रजा के भाई और कांग्रेस कार्यकर्ता मोहम्मद अकरम रजा ने मेरठ-सहारनपुर मंडल स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से एमएलसी चुनाव के लिए निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल किया था। उन्होंने 23 अक्टूबर को होने वाले चुनाव में युवाओं के रोजगार, शिक्षा और क्षेत्र के विकास को मुख्य मुद्दा बताया। अकरम रजा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी की ओर से इस चुनाव में किसी प्रत्याशी को आधिकारिक समर्थन नहीं दिया जा रहा है। इसी वजह से उन्होंने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ने का निर्णय लिया है। मेरठ खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में कुल 1,28,595 मतदाता हैं, जबकि मेरठ खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 54,125 मतदाता पंजीकृत हैं। अकरम रजा ने कहा कि उनका सबसे प्रमुख मुद्दा युवाओं को रोजगार दिलाना है। इसके लिए वह मंडल के हर जिले में साल में दो बार रोजगार मेले आयोजित कराने का प्रयास करेंगे। इन मेलों के माध्यम से निवेशकों और रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं को एक मंच पर लाने की कोशिश की जाएगी। इससे युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि युवाओं की पढ़ाई को बेहतर बनाने के लिए हर जिले में मुफ्त लाइब्रेरी और मुफ्त वाई-फाई की सुविधा उपलब्ध कराने का प्रयास करेंगे। इसके अलावा ऐसी संस्थाओं को मान्यता दिलाने का मुद्दा भी विधान परिषद में उठाएंगे, जो अच्छा काम कर रही हैं, लेकिन अभी तक उन्हें मान्यता नहीं मिल पाई है। सत्ताधारी दल के प्रत्याशी पर भी उठाए सवाल सत्ताधारी दल की ओर से पुराने प्रत्याशी पर दोबारा भरोसा जताने के सवाल पर अकरम रजा ने कहा कि पार्टी को अपने प्रत्याशी के अनुभव और योग्यता की जानकारी होगी, लेकिन उनके अनुसार युवाओं को भी आगे आने का मौका मिलना चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या सत्ताधारी दल के पास कोई दूसरा योग्य प्रत्याशी नहीं था। उनका कहना था कि कई लोग टिकट की उम्मीद लगाए बैठे थे, लेकिन पार्टी ने पुराने प्रत्याशी पर ही भरोसा जताया। अकरम रजा ने मेरठ-सहारनपुर मंडल के स्नातक मतदाताओं से चुनाव में सक्रिय भागीदारी करने और अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि वह युवाओं, स्नातक मतदाताओं और क्षेत्र के विकास से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाना चाहते हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User