नवरात्रि में मिशन शक्ति का जागरूकता अभियान:घाटमपुर में छात्राओं को ट्रैफिक ट्रेनिंग, दारोगा नेहा ने महिलाओं को बांटे पंपलेट
घाटमपुर में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को बढ़ावा देने के लिए मंगलवार को घाटमपुर में मिशन शक्ति अभियान फेज-6 के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। घाटमपुर चौराहे पर मिशन शक्ति टीम और ट्रैफिक पुलिस ने राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की एनसीसी और एसपीसी कैडेट्स को यातायात संचालन का प्रशिक्षण दिया। वहीं, मां कूष्मांडा देवी मंदिर परिसर में महिलाओं और बच्चियों को सुरक्षा संबंधी हेल्पलाइन की जानकारी देकर जागरूक किया गया। घाटमपुर चौराहे पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीम ने छात्राओं को यातायात के नियमों, सड़क सुरक्षा और यातायात संचालन के तरीके बताए। इसके बाद कैडेट्स से स्वयं चौराहे पर यातायात का संचालन कराया गया, जिससे उन्हें व्यावहारिक प्रशिक्षण मिल सके। पुलिसकर्मियों ने वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने की हिदायत दी और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।
इस दौरान चौराहे से गुजरने वाले संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग भी की गई। इसके बाद नगर स्थित मां कूष्मांडा देवी मंदिर परिसर में नवरात्रि के अवसर पर लगे पंडाल में महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक करने के लिए एलईडी स्क्रीन पर वीडियो चलाए गए। इनमें आपातकालीन सहायता के लिए 112 और महिलाओं की सुरक्षा के लिए 1090 हेल्पलाइन से संबंधित जानकारी दी गई। पुलिस टीम ने महिलाओं और बच्चियों को पंपलेट वितरित कर बताया कि किसी भी आपात स्थिति या परेशानी में पुलिस की मदद कैसे ली जा सकती है। पुलिस का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के साथ उन्हें आत्मनिर्भर बनाना और यातायात नियमों के पालन के प्रति जिम्मेदार बनाना रहा। इस दौरान घाटमपुर इंस्पेक्टर मनोज सिंह भदौरिया, सब इंस्पेक्टर नेहा यादव और कांस्टेबल शिवानी, निशा, दीक्षा व अंजू मौजूद रहीं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)