रतूपुरा जा रहे कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल को पुलिस ने रोका:रामपुर जिलाध्यक्ष ने सरकार पर तानाशाही का आरोप लगाते हुए लोकतांत्रिक मूल्यों पर सवाल उठाए
रामपुर से शुक्रवार की शाम चार बजे मुरादाबाद के रतूपुरा गांव जा रहे कांग्रेस के 21 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल को पुलिस ने बैरियर लगाकर रोक दिया। प्रतिनिधिमंडल में शामिल रामपुर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष प्रमिल कुमार शर्मा ‘निक्कू पंडित’ ने पुलिस की कार्रवाई पर नाराजगी जताते हुए प्रदेश सरकार पर तानाशाहीपूर्ण रवैया अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवारों से मिलने जा रहे विपक्षी नेताओं को रोकना लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता पर सवाल खड़े करता है। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’ के निर्देश पर 16 अक्टूबर को 21 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल मुरादाबाद जिले के थाना डिलारी क्षेत्र के गांव रतूपुरा जा रहा था। यहां भाजपा विधायक कुंवर सुशांत सिंह से जुड़े उस प्रकरण के संदर्भ में पीड़ित परिवारों से मुलाकात प्रस्तावित थी, जिसमें तीन युवकों को कथित रूप से बंधक बनाकर दो दिनों तक मारपीट और प्रताड़ित किए जाने का मामला सामने आया है। कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल का उद्देश्य पीड़ित परिवारों से घटना की जानकारी लेना, उनके प्रति संवेदनाएं व्यक्त करना और प्रशासन से मिलकर दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग करना था। हालांकि, रास्ते में पुलिस ने बैरियर लगाकर प्रतिनिधिमंडल को रोक दिया। इससे कांग्रेस नेताओं में नाराजगी देखने को मिली। निक्कू पंडित ने कहा कि पीड़ितों की बात सुनना, उनके साथ खड़े होना और उन्हें न्याय दिलाने की आवाज उठाना विपक्ष का लोकतांत्रिक दायित्व है। कांग्रेस किसी टकराव के उद्देश्य से नहीं, बल्कि पीड़ित परिवारों की पीड़ा जानने और न्याय की मांग करने जा रही थी। उन्होंने इस मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार विपक्ष की आवाज को दबाने और जनहित के मुद्दों पर जवाबदेही से बचने का प्रयास कर रही है। राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता अन्याय के खिलाफ आवाज उठाते रहेंगे। उन्होंने कहा कि गरीबों, नौजवानों और वंचितों के अधिकारों की रक्षा तथा पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने के लिए पार्टी का संघर्ष जारी रहेगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)