कानपुर में शादी के 7 महीने बाद महिला की मौत:फर्श पर मिला शव, पति और सास-ससुर पर हत्या का आरोप

Oct 16, 2026 - 17:52
0
कानपुर में शादी के 7 महीने बाद महिला की मौत:फर्श पर मिला शव, पति और सास-ससुर पर हत्या का आरोप
कानपुर के नौबस्ता थाना क्षेत्र के हंसपुरम में प्रेम विवाह के करीब सात महीने बाद 25 साल की ज्योति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। गुरुवार देर रात उसका शव ससुराल में फर्श पर पड़ा मिला। उसके गले में रस्सी बंधी थी। मायके पक्ष ने पति और सास-ससुर पर हत्या कर शव को फंदे से लटकाने का आरोप लगाया है। परिजनों के मुताबिक, पति शीबू के दूसरी युवती से कथित प्रेम संबंधों को लेकर दंपती के बीच अक्सर विवाद होता था। आरोप है कि पिछले दो दिनों से घर में झगड़ा चल रहा था। सूचना पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच की। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मौत की वजह की पुष्टि रिपोर्ट आने के बाद होगी। दूसरी युवती से संबंधों को लेकर होता था विवाद महाराजपुर थाना क्षेत्र के सिकठिया गांव निवासी लखन सिंह किसान हैं। उनकी बेटी ज्योति (25) का करीब सात महीने पहले नौबस्ता के हंसपुरम निवासी शीबू पुत्र कुंवर सिंह से प्रेम विवाह हुआ था। ससुराल में सास-ससुर के अलावा जेठ राहुल, उसकी पत्नी और बेटा भी रहते हैं। ज्योति के पिता लखन सिंह का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद शीबू के महाराजपुर क्षेत्र के एक गांव में रहने वाली युवती से प्रेम संबंध हो गए थे। इस बात की जानकारी होने के बाद ज्योति और शीबू के बीच विवाद होने लगा। पिता के मुताबिक, शीबू इस मुद्दे पर अक्सर ज्योति के साथ मारपीट करता था और उसे प्रताड़ित किया जा रहा था। प्रेमिका को घर लाने पर झगड़े का आरोप लखन सिंह के मुताबिक, बुधवार को शीबू कथित तौर पर दूसरी युवती को घर लेकर आया था। इस बात को लेकर ज्योति और शीबू के बीच विवाद हुआ। परिजनों का आरोप है कि इसके बाद लगातार दो दिनों तक घर में झगड़ा होता रहा और ज्योति के साथ मारपीट की गई। पिता ने सास-ससुर पर भी बेटी के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया है। परिजनों का दावा है कि गुरुवार देर शाम ज्योति के साथ फिर मारपीट हुई और उसकी हत्या करने के बाद शव को फंदे से लटका दिया गया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि घटना के बाद ससुरालीजन घर छोड़कर फरार हो गए। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत की परिस्थितियां स्पष्ट होंगी। घर में फर्श पर पड़ा मिला शव परिजनों के मुताबिक, देर रात ग्रामीणों ने फोन कर ज्योति की मौत की सूचना दी। इसके बाद लखन सिंह और परिवार के अन्य सदस्य हंसपुरम स्थित उसकी ससुराल पहुंचे। वहां ज्योति का शव फर्श पर पड़ा था और उसके गले में रस्सी बंधी हुई थी। परिजनों ने डायल 112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी। नौबस्ता पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। मायके पक्ष ने दी तहरीर, पुलिस कर रही जांच मायके पक्ष ने नौबस्ता थाने में लिखित तहरीर देकर पति और ससुरालीजनों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। परिजनों ने पति के कथित प्रेम संबंधों, मारपीट और प्रताड़ना को लेकर आरोप लगाए हैं। नौबस्ता थाना प्रभारी बहादुर सिंह ने बताया कि महिला का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User