रुदौली में सरकारी योजनाओं का 7 दिवसीय शिविर शुरू:एक ही जगह मिलेंगी सभी सरकारी योजनाओं की जानकारी, विधायक रामचंद्र यादव ने किया शुभारंभ
अयोध्या जिले के विकासखंड रुदौली परिसर में गुरुवार को ‘संकल्प सेतु अभियान’ के तहत सात दिवसीय बहुद्देशीय सेवा शिविर का शुभारंभ हुआ। शिविर में विभिन्न विभागों की ओर से स्टॉल लगाए गए हैं, जहां ग्रामीणों को सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं, विभागीय सेवाओं और सुविधाओं की जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा रही है। बड़ी संख्या में ग्रामीण शिविर में पहुंचकर योजनाओं की जानकारी लेने के साथ अपनी समस्याओं का समाधान भी करा रहे हैं। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि रुदौली विधायक रामचंद्र यादव और विशिष्ट अतिथि ब्लॉक प्रमुख शिल्पी सिंह मौजूद रहीं। विधायक ने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण किया और अधिकारियों-कर्मचारियों से ग्रामीणों को शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ दिलाने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी के निर्देशन में आयोजित अभियान का उद्देश्य पात्र लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं से जोड़ना और विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही परिसर में उपलब्ध कराकर लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना है। शिविर में विभागीय अधिकारी और कर्मचारी ग्रामीणों को योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और मिलने वाले लाभ की जानकारी दे रहे हैं। मौके पर पहुंचने वाले लोगों की जिज्ञासाओं और समस्याओं का समाधान भी किया जा रहा है। शिविर में विभिन्न विभागों के स्टॉल ग्रामीणों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। अधिकारियों की ओर से पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवश्यक प्रक्रिया की जानकारी दी जा रही है। साथ ही जिन लोगों को योजनाओं का लाभ नहीं मिल पाया है, उनकी समस्याओं को मौके पर सुनकर संबंधित विभागों के माध्यम से समाधान कराने का प्रयास किया जा रहा है। बहुद्देशीय सेवा शिविर 8 से 14 अक्टूबर 2026 तक चलेगा। सात दिनों के दौरान अलग-अलग विभागों की सेवाएं और योजनाओं का लाभ आमजन को उपलब्ध कराया जाएगा। इस मौके पर उपजिलाधिकारी रुदौली विनोद कुमार गुप्ता, खंड विकास अधिकारी अखिलेश गुप्ता, एडीओ एसबी भगवान दीन, जिला उपाध्यक्ष शिव गोविंद पांडे, मंडल अध्यक्ष माधुरी सिंह समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)