रुदौली में तीन अंडरपास को मंजूरी:पूर्व सांसद लल्लू सिंह ने नितिन गडकरी से की थी मुलाकात

Oct 09, 2026 - 11:38
0
रुदौली में तीन अंडरपास को मंजूरी:पूर्व सांसद लल्लू सिंह ने नितिन गडकरी से की थी मुलाकात
अयोध्या जिले के रुदौली विधानसभा क्षेत्र के लोगों के लिए राहत की खबर है। पूर्व सांसद लल्लू सिंह के प्रयासों के बाद रानीमऊ, भेलसर और कूढ़ा-सादात में अंडरपास निर्माण को मंजूरी मिल गई है। जल्द ही इनका निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है। अंडरपास बनने से राहगीरों, विद्यार्थियों, व्यापारियों और ग्रामीणों को सड़क पार करने में सुविधा मिलेगी और हादसों पर भी अंकुश लगने की उम्मीद है। पूर्व सांसद लल्लू सिंह ने शुक्रवार को बताया कि क्षेत्र के लोगों की ओर से इन स्थानों पर अंडरपास निर्माण की लंबे समय से मांग की जा रही थी। इस संबंध में उन्होंने 30 जुलाई 2023 को केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर समस्या से अवगत कराया था। इसके बाद पत्राचार के माध्यम से भी मामला उठाया गया। केंद्रीय मंत्री ने उनके पत्र का संज्ञान लेते हुए तीनों स्थानों पर अंडरपास निर्माण की स्वीकृति प्रदान कर दी है। पूर्व भाजपा जिला उपाध्यक्ष शिवगोविंद पांडेय समीर ने बताया कि रानीमऊ, भेलसर और कूढ़ा-सादात क्षेत्र के लोग लंबे समय से अंडरपास की मांग कर रहे थे। रानीमऊ चौराहा क्षेत्र का प्रमुख व्यावसायिक केंद्र है। यहां तीन इंटर कॉलेजों के साथ बड़ी बाजार भी है। इसके चलते प्रतिदिन बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, ग्रामीणों और व्यापारियों का आवागमन होता है। सड़क पार करते समय कई बार हादसे भी हो चुके हैं, जिनमें लोगों ने अपने परिजनों को खोया है। उन्होंने कहा कि अंडरपास बनने से लोगों को सड़क पार करने में सुरक्षित और सुगम रास्ता मिलेगा। साथ ही क्षेत्र में आवागमन आसान होगा। स्थानीय लोगों ने अंडरपास की मंजूरी पर खुशी जताते हुए पूर्व सांसद के प्रयासों की सराहना की है। पूर्व सांसद लल्लू सिंह ने कहा कि अंडरपास बनने से क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही समस्या का स्थायी समाधान होने की उम्मीद है। निर्माण पूरा होने के बाद आवागमन अधिक सुरक्षित और सुगम होगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User