रुधौली में बसपा ने मोहम्मद खालिक को प्रत्याशी बनाया:मानिकचंद चौराहे पर हुए कार्यकर्ता सम्मेलन में घोषणा, कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत

Oct 06, 2026 - 17:56
0
रुधौली में बसपा ने मोहम्मद खालिक को प्रत्याशी बनाया:मानिकचंद चौराहे पर हुए कार्यकर्ता सम्मेलन में घोषणा, कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत
बस्ती। विधानसभा क्षेत्र 309 रुधौली में मंगलवार दोपहर 2 बजे बजे मानिकचंद चौराहे स्थित मैरेज हाल में बहुजन समाज पार्टी का कार्यकर्ता सम्मेलन संपन्न हुआ। सम्मेलन में बसपा के मुख्य मंडल प्रभारी डॉ. मदनराम ने मोहम्मद खालिक उर्फ बिलन्दर को रुधौली विधानसभा क्षेत्र से पार्टी का प्रत्याशी घोषित किया। प्रत्याशी की घोषणा होते ही कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। कार्यक्रम में डॉ. मदनराम ने कहा कि बसपा ने पिछड़े और मुस्लिम समाज को राजनीतिक भागीदारी देने का काम किया है। उन्होंने कहा कि लंबे समय तक विभिन्न राजनीतिक दलों ने पिछड़े और मुस्लिम समाज का वोट लेकर सरकार बनाई, लेकिन इन वर्गों के आर्थिक, सामाजिक और शैक्षणिक विकास के लिए अपेक्षित काम नहीं किया। उन्होंने कहा कि बसपा की सरकारों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के साथ ही पिछड़े, मुस्लिम और वंचित समाज के लोगों को राजनीति में आगे बढ़ने का अवसर मिला। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी को मजबूत करने और भाजपा को सत्ता से बाहर करने के लिए एकजुट होकर काम करने का आह्वान किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य मंडल संयोजक पिछड़ा वर्ग भाईचारा भीम राजभर ने की। उन्होंने कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर के संवैधानिक अधिकारों की बदौलत बसपा मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि मान्यवर कांशीराम ने पीड़ित समाज में सामाजिक और राजनीतिक चेतना जगाने का काम किया। उन्होंने नौ अक्टूबर को कांशीराम की श्रद्धांजलि के अवसर पर लखनऊ स्थित स्मारक स्थल पर बड़ी संख्या में पहुंचने का आह्वान किया। सम्मेलन को इंदल यादव, धर्मदेव प्रियदर्शी, रामसूरत चौधरी, केके गौतम, जयहिंद गौतम, कल्पनाथ बाबू, लालचंद निषाद, सुभाष गौतम, शिवगणेश, रामफेर गौतम और घोषित प्रत्याशी मोहम्मद खालिक उर्फ बिलन्दर ने संबोधित किया। इस दौरान रोशनलाल गौतम, हरिनंदन पांडेय, शैलेंद्र गौतम, रामचंद्र गौतम, लालबहादुर, राजेंद्र गौतम, शिवनाथ, नेबूलाल, मुकीम, तनवीर बाबा, मरगूब अहमद, शब्बीर अहमद, माजिद खान सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User