सड़क मरम्मत की गलत रिपोर्ट देने पर नपेंगे अफसर:GPS फोटो-वीडियो से होगी जांच, DM बोले- अधूरा काम मिला तो होगी कार्रवाई
कानपुर में सड़क निर्माण और मरम्मत के कामों में लापरवाही और गलत रिपोर्ट करने वाले अधिकारियों पर अब कार्रवाई की तैयारी है। जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने साफ कहा है कि विभाग ने जिस सड़क का काम पूरा होने की रिपोर्ट दी है, मौके पर काम अधूरा मिला तो संबंधित अधिशासी अभियंता के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इन सड़कों की वास्तविक स्थिति जांचने के लिए जनपद स्तरीय अधिकारियों को नोडल अधिकारी बनाया जाएगा। यह अधिकारी मौके पर जाकर निरीक्षण करेंगे और GPS आधारित फोटो समेत वीडियो के साथ अपनी रिपोर्ट सौंपेंगे। सिर्फ कागजों पर सड़क मरम्मत पूरी बताई तो खैर नहीं बुधवार को सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार में जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग (PWD), नगर निगम, सेतु निगम और अन्य संबंधित विभागों के सड़क निर्माण, मरम्मत और पैचवर्क कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़कों की गुणवत्ता के साथ यह भी जांचा जाए कि वह वास्तव में आवागमन के योग्य हैं या नहीं। केवल कागजों पर काम पूरा दिखाने से जिम्मेदारी खत्म नहीं होगी। 30 अक्टूबर तक कई सड़कों का काम पूरा करने का लक्ष्य समीक्षा बैठक में लोक निर्माण विभाग के प्रांतीय खंड के अधिशासी अभियंता अनूप मिश्रा ने बताया कि चार मार्गों पर सुदृढ़ीकरण का काम चल रहा है। छह सड़कों का नवीनीकरण 30 अक्टूबर तक पूरा करने का लक्ष्य है। इसके अलावा 26 सड़कों को अगले 10 दिनों में आवागमन योग्य बनाया जाएगा। निर्माण खंड के अधिशासी अभियंता खंडेश्वर प्रसाद ने बताया कि 12 सड़कों का नवीनीकरण 30 अक्टूबर तक पूरा हो जाएगा। 9 सड़कों पर पैचवर्क का काम पूरा हो चुका है, जबकि आठ सड़कों पर काम जारी है। 5 अन्य सड़कों के काम में अलग-अलग विभागों के बीच समन्वय की जरूरत है। इस पर डीएम ने मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन को संबंधित विभागों के बीच समन्वय कराकर काम में तेजी लाने के निर्देश दिए। जीटी रोड पर 1.5 किमी पैचवर्क बाकी लोक निर्माण विभाग के राष्ट्रीय राजमार्ग खंड की समीक्षा में अधिशासी अभियंता जयंत ने बताया कि जीटी रोड के 18 किलोमीटर लंबे हिस्से में पैचवर्क का अधिकांश काम पूरा हो चुका है। अब केवल 1.5 किलोमीटर हिस्से में पैचवर्क बाकी है, जिसे जल्द पूरा कराया जाएगा। नगर निगम की सड़कों की हर सप्ताह होगी समीक्षा डीएम ने नगर निगम की सड़कों की जोनवार समीक्षा करते हुए नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय को क्षतिग्रस्त सड़कों पर पैचवर्क और नवीनीकरण का काम तय समय में पूरा कराने के निर्देश दिए। सभी जोनों में सड़क सुधार कार्यों की प्रत्येक सप्ताह समीक्षा होगी। इसके साथ ही सड़कवार डिजिटल विवरण तैयार किया जाएगा, ताकि किस सड़क पर कितना काम हुआ है और कितना बाकी है, इसकी जानकारी मिलती रहे। जिन सड़कों का काम पूरा होने की रिपोर्ट दी गई है, उनका मौके पर सत्यापन भी कराया जाएगा। डीएम ने लंबित टेंडर प्रक्रिया जल्द पूरी कराकर काम शुरू कराने और क्षतिग्रस्त सड़कों को प्राथमिकता के आधार पर आवागमन योग्य बनाने को कहा। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को साप्ताहिक प्रगति रिपोर्ट देने के निर्देश दिए। बैठक में अपर जिलाधिकारी (नगर) सौरभ सिंह सहित अलग-अलग विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)