सांपकांड में फांसी की सजा पर वकील ने किया नागिन-डांस:रविता-अमरदीप को मृत्युदंड मिलने पर वकील ने अनोखे अंदाज में जताई खुशी
मेरठ के चर्चित सांप कांड में अदालत द्वारा रविता और उसके प्रेमी अमरदीप को फांसी की सजा सुनाए जाने के बाद कचहरी परिसर में वकीलों के बीच खुशी और उत्साह देखने को मिला। अमित कश्यप हत्याकांड में आए इस फैसले के बाद वकीलों ने संतोष जताया। इसी दौरान एक वकील का अलग अंदाज देखने को मिला। उन्होंने खुशी जाहिर करते हुए कचहरी परिसर में नागिन डांस किया। वकील को नागिन डांस करते देख वहां मौजूद लोग भी उनकी ओर देखने लगे। इस दौरान कचहरी में मौजूद लोगों के बीच यह चर्चा का विषय बन गया। दरअसल, मेरठ के अकबरपुर सादात गांव निवासी अमित कश्यप की हत्या के मामले में उसकी पत्नी रविता और उसके प्रेमी अमरदीप को दोषी ठहराया गया था। अभियोजन के अनुसार, रविता और अमरदीप ने मिलकर अमित की हत्या की साजिश रची थी। हत्या के बाद मामले को सांप के डसने से हुई मौत दिखाने की कोशिश की गई। इसके लिए अमित के बिस्तर में सांप छोड़ने की बात भी सामने आई थी। इसी वजह से यह मामला सांप कांड के नाम से चर्चित हो गया। मामले की जांच के दौरान सामने आए घटनाक्रम ने सभी को हैरान कर दिया था। शुरुआत में जिस मौत को सांप के डसने से जोड़कर देखा जा रहा था, वह आगे चलकर हत्या की साजिश का मामला बन गई। सुनवाई के दौरान साक्ष्यों और गवाहों के आधार पर अदालत ने रविता और अमरदीप को दोषी माना और दोनों को फांसी की सजा सुनाई। शुक्रवार को फैसला आने के बाद कचहरी परिसर में वकीलों के बीच इस मामले को लेकर चर्चा होती रही। कई वकीलों ने फैसले पर अपनी प्रतिक्रिया दी। इसी बीच एक वकील ने सांप कांड से जुड़े मामले में नागिन डांस कर अपनी खुशी जाहिर की। उनका यह अंदाज वहां मौजूद लोगों के लिए चर्चा का विषय बन गया। गंभीर आपराधिक मामले में अदालत का फैसला आने के बाद कचहरी में दिखे इस अलग नजारे ने लोगों का ध्यान खींचा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)