माता की चौकी में चली गई मासूम की जान:पड़ोसी ने दिया धक्का, मां की गोद से गिरी ढाई माह की मासूम ने दम तोड़ा; आरोपी गिरफ्तार
फिरोजाबाद के मक्खनपुर कस्बे में लाउडस्पीकर पर माता रानी के भजन बजाने को लेकर हुए विवाद में ढाई माह की बच्ची की मौत हो गई। आरोप है कि कहासुनी के दौरान एक युवक ने महिला को धक्का दे दिया। इससे महिला गोद में मौजूद बच्ची के साथ जमीन पर गिर पड़ी। गंभीर चोट लगने के बाद बच्ची ने शुक्रवार सुबह दम तोड़ दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। भजनों की आवाज को लेकर शुरू हुआ विवाद मामला मक्खनपुर कस्बे के नगला तुरकिया मोहल्ले में अंबेडकर पार्क के पास का है। यहां रहने वाले राहुल पुत्र दयाशंकर ने अपने घर में माता रानी की प्रतिमा स्थापित कर रखी है। गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे उनके घर पर लाउडस्पीकर से माता रानी के भजन बज रहे थे। आरोप है कि पड़ोस में रहने वाले बंटू पुत्र जसवंत ने तेज आवाज पर आपत्ति जताते हुए लाउडस्पीकर बंद करने को कहा। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
महिला को धक्का देने का आरोप आरोप के मुताबिक, विवाद के दौरान बंटू की राहुल की पत्नी मधु से भी बहस हो गई। कहासुनी बढ़ने पर बंटू ने मधु के घर में घुसकर उसे धक्का दे दिया। उस समय मधु की गोद में उसकी ढाई माह की बेटी शहनवी थी। धक्का लगने से मधु बच्ची समेत जमीन पर गिर पड़ी, जिससे मासूम को गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद परिजन बच्ची को इलाज के लिए एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां उसका इलाज कराया गया, लेकिन उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ।
शुक्रवार सुबह बच्ची ने तोड़ा दम गंभीर रूप से घायल शहनवी ने शुक्रवार सुबह करीब 7 बजे दम तोड़ दिया। बच्ची की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। आरोपी गिरफ्तार, पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा शव घटना की सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष चमन कुमार शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और परिजनों से जानकारी जुटाई। पुलिस ने बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल, फिरोजाबाद भेज दिया। महिला को धक्का देने के आरोपी बंटू को गिरफ्तार कर लिया गया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)