सेप्टिक टैंक में गिरकर 4 साल के बच्चे की मौत:देवरिया में जांच में मानक से बड़ा मिला टैंक, लापरवाही पर ग्राम पंचायत अधिकारी निलंबित
देवरिया के बैतालपुर विकासखंड की ग्राम पंचायत उधोपुर में स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत शौचालय निर्माण के दौरान चार वर्षीय बच्चे की सेप्टिक टैंक में गिरकर मौत के मामले में ग्राम पंचायत अधिकारी पर कार्रवाई हुई है। गुरुवार शाम पांच बजे जिला पंचायत राज अधिकारी ने ग्राम पंचायत अधिकारी सोनू कुमार यादव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। निलंबन अवधि में उन्हें विकासखंड गौरीबाजार से संबद्ध किया गया है। खुले टैंक में गिरा था चार साल का बच्चा जिला पंचायत राज अधिकारी रतन कुमार के अनुसार, उधोपुर निवासी गीता देवी पत्नी दीनानाथ प्रसाद को शौचालय निर्माण के लिए पहली किस्त जारी की गई थी। वाटर लॉगिंग की समस्या के कारण लाभार्थी शौचालय के लिए सेप्टिक टैंक का निर्माण करा रही थीं। दो अक्टूबर को निर्माणाधीन और खुले टैंक में करीब चार वर्षीय कन्हैया गौतम गिर गया था। हादसे में उसकी मौत हो गई। घटना के बाद मामले की जांच कराई गई, जिसमें प्रथम दृष्टया लापरवाही सामने आई। जांच में मानक से बड़ा मिला सेप्टिक टैंक जांच में सेप्टिक टैंक का निर्माण निर्धारित मानक से काफी बड़ा पाया गया। जांच रिपोर्ट के मुताबिक, ग्राम पंचायत अधिकारी अपने पर्यवेक्षणीय दायित्वों का समुचित निर्वहन नहीं कर सके। वहीं, लाभार्थी द्वारा भी निर्धारित मानकों के विपरीत निर्माण कराए जाने की बात सामने आई। जिलाधिकारी के 7 अक्टूबर 2026 के अनुमोदन के बाद ग्राम पंचायत अधिकारी सोनू कुमार यादव को निलंबित किया गया है। एक माह में जांच रिपोर्ट देने के निर्देश विभागीय जांच के लिए सहायक जिला पंचायत राज अधिकारी (प्राविधिक), देवरिया को जांच अधिकारी नामित किया गया है। उन्हें आरोप पत्र तैयार कर अनुमोदन के बाद संबंधित कर्मचारी को उपलब्ध कराने और एक माह के भीतर जांच आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। एडीओ पंचायत को प्रतिकूल प्रविष्टि जिला पंचायत राज अधिकारी ने बताया कि संबंधित एडीओ पंचायत के पर्यवेक्षणीय कार्य में शिथिलता मिलने पर उन्हें प्रतिकूल प्रविष्टि दी गई है। वहीं, खंड प्रेरक को बैतालपुर ब्लॉक से स्थानांतरित कर दिया गया है और उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी शुरू की गई है। प्रशासन की कार्रवाई के बाद अब शौचालय निर्माण में निर्धारित मानकों के पालन और संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों की जिम्मेदारी को लेकर विभागीय जांच आगे बढ़ेगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)