सगाई के बाद पहले शादी टाली, फिर रिश्ता तोड़ा:अलीगढ़ में रिश्ता तय होने के बाद दहेज में 10 लाख की रकम न मिलने पर उठाया कदम, एफआईआर दर्ज
सगाई के बाद शादी की तारीखें कई बार टालने और फिर करीब 10 लाख रुपए अतिरिक्त दहेज मांगने के बाद रिश्ता खत्म करने का आरोप लगाया गया है। लड़की पक्ष का कहना है कि सगाई में दिए गए सोने के आभूषण, कपड़े और अन्य सामान भी वापस नहीं किए गए। मामले में नौ लोगों को नामजद करते हुए सीओ से एफआईआर दर्ज कर निष्पक्ष जांच की मांग की गई है। मेलरोज बाईपास निवासी मनीष चौधरी ने सीओ कार्यालय में दी तहरीर में बताया कि उनकी बहन की सगाई 6 अक्टूबर 2024 को जीटी रोड स्थित होटल में संजीत सोलंकी के साथ हुई थी। दोनों परिवारों की सहमति से हुए इस कार्यक्रम में लड़की पक्ष ने सोने की अंगूठी समेत अन्य आभूषण, कपड़े, उपहार और सामान दिया था। शिकायत के मुताबिक सगाई व संबंधित कार्यक्रमों में करीब 5 से 6 लाख रुपए खर्च हुए। तारीख तय होती रही, शादी टलती रही तहरीर के अनुसार सगाई के बाद शादी की तारीख कई बार तय हुई, लेकिन लड़के पक्ष की ओर से हर बार किसी न किसी कारण से शादी टाल दी गई। शिकायतकर्ता का आरोप है कि इसी दौरान लड़के पक्ष ने करीब 10 लाख रुपए अतिरिक्त दहेज की मांग रखी। परिवार ने इतनी रकम देने में असमर्थता जताई तो विवाद बढ़ गया और आखिरकार शादी का रिश्ता खत्म कर दिया गया। शिकायत में यह भी कहा गया है कि दोनों परिवारों के बीच विवाह संबंध कराने वाले बिचौलिए को बातचीत और कथित दहेज मांग की जानकारी है। पुलिस जांच में उसका बयान दर्ज कराने की मांग की गई है। जेवर-सामान लौटाने से इनकार का आरोप लड़की पक्ष का आरोप है कि रिश्ता खत्म होने के बाद सगाई में दिए गए सोने के आभूषण, अंगूठी, कपड़े, उपहार और अन्य सामान वापस मांगे गए, लेकिन आरोपित पक्ष ने सामान नहीं लौटाया। परिवार ने सामाजिक और पंचायत स्तर पर विवाद सुलझाने के प्रयास भी किए, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला। 150 गज के प्लॉट की रजिस्ट्री भी जांच के घेरे में तहरीर में 1 जनवरी 2025 को करीब 150 गज के प्लॉट की हरिंदर सोलंकी के नाम रजिस्ट्री का भी जिक्र किया गया है। शिकायतकर्ता ने रजिस्ट्री के दस्तावेज उपलब्ध होने की बात कहते हुए इसकी जांच की मांग की है। रजिस्ट्री में दर्ज दोनों गवाहों के आरोपित पक्ष से संबंधों और उनकी भूमिका की भी जांच कराने को कहा गया है। नौ लोगों पर लगाए आरोप, एक का पता भी दिया तहरीर में संजीत सोलंकी, हरिंदर सोलंकी, कुसुम सोलंकी, शिवानी मान, मुकेश मान, गजेंद्र सोलंकी, मनोज मान, हिमांशु सोलंकी और शिवम सोलंकी के नाम हैं। इनमें मुकेश मान का पता फ्लैट नंबर 306, टावर एन-27, जेपी अमन, सेक्टर-151, ग्रेटर नोएडा, गौतमबुद्ध नगर दर्ज किया गया है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि हरिंदर सोलंकी खुद को पूर्व वायुसेना कर्मी बताते हुए अपने प्रभाव का उल्लेख करते थे। लड़के की ओर से भी पद और प्रभाव की बातें किए जाने का आरोप है। शिकायत में कहा गया है कि इन बातों के जरिए परिवार पर दबाव बनाने की कोशिश की गई। इसकी भी जांच की मांग की गई है। पहले थाने में दी शिकायत, अब सीओ से गुहार तहरीर के मुताबिक परिवार ने 29 जून 2025 को बन्नादेवी थाने में लिखित शिकायत दी थी। आरोप है कि शिकायत की जांच एक पुलिसकर्मी को सौंपी गई, लेकिन कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद परिवार ने 29 अगस्त 2026 को सीओ कार्यालय में नई तहरीर देकर एफआईआर दर्ज करने की मांग की। जिसकी जांच के बाद अब पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। फोटो-वीडियो और मैसेज बताए साक्ष्य शिकायतकर्ता ने सगाई के फोटो-वीडियो, शादी की तय और बाद में स्थगित तारीखों से संबंधित संदेश और बातचीत, रजिस्ट्री के दस्तावेज और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य उपलब्ध होने की बात कही है। बिचौलिए के बयान को भी महत्वपूर्ण बताया गया है। तहरीर में पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दहेज मांग, शादी के लिए बनाए गए दबाव, सगाई में दिए गए आभूषण व सामान वापस न करने और सामने आने वाले अन्य संज्ञेय अपराधों के आधार पर कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है। शिकायतकर्ता ने भविष्य में परिवार पर दबाव या समझौते के लिए धमकी दिए जाने की स्थिति में भी कार्रवाई की मांग की है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)