शादी के भरोसे में युवती के नाम फर्म खोली, ठगी:अलीगढ़ में मंगेतर से दस्तावेज लेकर बैंक खाता संचालित करने का आरोप, कन्नौज-फरीदाबाद पुलिस पहुंची तो खुला मामला

Oct 05, 2026 - 08:23
0
शादी के भरोसे में युवती के नाम फर्म खोली, ठगी:अलीगढ़ में मंगेतर से दस्तावेज लेकर बैंक खाता संचालित करने का आरोप, कन्नौज-फरीदाबाद पुलिस पहुंची तो खुला मामला
शादी की बात चल रही थी, इसी भरोसे में युवक ने युवती के दस्तावेज लेकर उसके नाम फर्म और बैंक खाता खुलवा दिया। आरोप है कि खाते में अपना मोबाइल नंबर दर्ज कराने के साथ उसने चेकबुक भी हासिल कर ली और खाली चेकों पर युवती के हस्ताक्षर करा लिए। बाद में खाते से हुए बड़े ट्रांजैक्शन के मामले में पहले कन्नौज और फिर फरीदाबाद पुलिस युवती के घर पहुंची। अब युवती ने गांधीपार्क थाने में मंगेतर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। नौरंगाबाद छावनी निवासी युवती के मुताबिक, उसकी शादी की बात बरला के मदापुर निवासी मनमोहित कुमार उर्फ सोनू से चल रही थी। जुलाई 2024 में दोनों ने एक-दूसरे को पसंद किया। इसके बाद मनमोहित ने बिजनेस शुरू करने की बात कही और बताया कि फर्म उसके नाम से ही खोली जा सकती है। विश्वास में आकर युवती ने उसे आधार कार्ड और फोटो दे दिए। आरोप है कि मनमोहित ने आधार में युवती के पिता का मोबाइल नंबर हटाकर अपना नंबर दर्ज करा दिया। 19 जनवरी 2025 को एक मकान का किरायानामा भी तैयार कराया गया, जिसे युवती के मुताबिक उसने आज तक देखा तक नहीं है। इसके बाद 'मै वूमैन इंटरप्राइजेज' नाम से फर्म बनाकर उसे प्रोपराइटर दिखाया गया और जीएसटी नंबर लिया गया। फर्म के नाम से बैंक ऑफ बड़ौदा की सासनी गेट शाखा में चालू खाता खोला गया। तहरीर में आरोप है कि खाते में भी मनमोहित का मोबाइल नंबर दर्ज कराया गया। उसने चेकबुक निकलवाई और युवती से खाली चेकों पर हस्ताक्षर करा लिए। युवती का कहना है कि उसे कारोबार की कोई जानकारी नहीं थी और मनमोहित ही खाते का संचालन करता था। कन्नौज पुलिस पहुंची तो खुला मामला 26 अगस्त 2025 को कन्नौज पुलिस युवती के घर पहुंची और खाते से हुए ज्यादा ट्रांजैक्शन के बारे में पूछताछ की। युवती ने पुलिस को बताया कि उसने कोई लेन-देन नहीं किया है। इसके बाद पुलिस मनमोहित को अपने साथ ले गई। युवती ने बाद में बैंक और जीएसटी विभाग में प्रक्रिया पूरी कर खाता व जीएसटी बंद करा दिया। मामला खत्म समझने के करीब 10 महीने बाद 29 जून 2026 को फरीदाबाद पुलिस भी फ्रॉड की जानकारी लेकर युवती के घर पहुंची। इसके बाद उसके पिता ने मनमोहित के पिता को बुलाकर मामले की जानकारी दी। झूठे केस में फंसाने की धमकी का आरोप तहरीर के अनुसार 2 जुलाई को हुई बातचीत में मनमोहित ने कथित तौर पर कहा कि वह ऐसे ही लोगों को फंसाता है और ज्यादा कार्रवाई करने पर परिवार को झूठे केस में फंसा देगा। युवती ने गांधीपार्क पुलिस से आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। अब पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। जिसके आधार पर पुलिस द्वारा फर्म, बैंक खाते और उससे हुए लेन-देन की जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User