सुहेली नदी की डिसिल्टिंग की मांग:लखीमपुर में अनिश्चितकालीन धरना शुरू, बोले- मांगें न मानी तो भूख हड़ताल करेंगे

Oct 05, 2026 - 08:23
0
सुहेली नदी की डिसिल्टिंग की मांग:लखीमपुर में अनिश्चितकालीन धरना शुरू, बोले- मांगें न मानी तो भूख हड़ताल करेंगे
लखीमपुर के पलिया तहसील क्षेत्र में वर्षों से बंद पड़ी सुहेली नदी की डिसिल्टिंग और नकहुआ पुल की सफाई की मांग को लेकर सैकड़ों ग्रामीणों ने अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है। बंसीनगर के पास दुधवा-गौरीफंटा मार्ग के किनारे सुबह 10 बजे शुरू हुआ धरना देर रात तक जारी रहा। इसमें बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी शामिल हुए। ग्रामीणों ने प्रशासन से नदी की सफाई कर जलनिकासी व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि दुधवा की लाइफ लाइन कही जाने वाली सुहेली नदी लंबे समय से गाद और सिल्ट से पट गई है। नदी की सफाई नहीं होने के कारण बारिश के दौरान पानी की निकासी प्रभावित होती है और आसपास के क्षेत्रों में बाढ़ जैसे हालात पैदा हो जाते हैं। इससे किसानों की फसलों को भी नुकसान उठाना पड़ता है। ग्रामीणों के मुताबिक, सुहेली नदी दुधवा के जंगल और वन्यजीवों के लिए भी महत्वपूर्ण है। नदी का जलप्रवाह प्रभावित होने से वन्यजीवों के सामने भी पानी से जुड़ी समस्याएं पैदा हो रही हैं। उनका कहना है कि लंबे समय से समस्या उठाए जाने के बावजूद इसका स्थायी समाधान नहीं हुआ है। धरने पर बैठे ग्रामीणों ने सुहेली नदी की तत्काल डिसिल्टिंग कराने के साथ नकहुआ पुल की सफाई की मांग की है। ग्रामीणों ने कहा कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक धरना जारी रहेगा। मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन को आगे बढ़ाते हुए भूख हड़ताल शुरू करने की चेतावनी भी दी गई है। दुधवा-गौरीफंटा मार्ग के किनारे बड़ी संख्या में ग्रामीणों के धरने पर बैठने से प्रशासन की कार्रवाई पर सभी की निगाहें टिकी हैं। क्षेत्रवासियों का कहना है कि नदी की सफाई होने से न केवल बाढ़ की समस्या से राहत मिलेगी, बल्कि किसानों और दुधवा के वन्यजीवों को भी इसका लाभ मिलेगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User