शादीशुदा युवक ने इनकार किया तो युवती ने तुड़वाए हाथ-पैर:क्लिनिक बुलाकर लाठी-डंडों से पीटा, पत्नी बोली- दिल्ली भागकर कोर्ट मैरिज का बना रही थी दबाव

Oct 03, 2026 - 15:27
0
शादीशुदा युवक ने इनकार किया तो युवती ने तुड़वाए हाथ-पैर:क्लिनिक बुलाकर लाठी-डंडों से पीटा, पत्नी बोली- दिल्ली भागकर कोर्ट मैरिज का बना रही थी दबाव
बरेली के भोजीपुरा थाना क्षेत्र में एक शादीशुदा युवक पर गांव की ही युवती से शादी करने और भागने का दबाव बनाने को लेकर विवाद हो गया। युवक ने जब शादी और पत्नी को तलाक देने से साफ इनकार कर दिया, तो युवती ने बहाने से उसे क्लिनिक पर बुलवाकर अपने साथियों से जानलेवा हमला करवा दिया। हमलावरों ने युवक को लाठी-डंडों, लोहे के पाइप और ईंट से बेरहमी से पीटकर उसके दोनों हाथ और पैर तोड़ दिए और पसलियों में फ्रैक्चर कर दिया। इसके बाद उसे अधमरी हालत में सड़क पर फेंककर भाग निकले। परिजनों ने गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। क्लिनिक पर दवा के बहाने बुलाया, 5-6 लोगों ने घेरा जिला अस्पताल में भर्ती घायल पप्पू ने बताया कि वह एंबुलेंस चलाने का काम करता है। गांव में क्लिनिक चलाने वाली युवती नुसरत ने शुक्रवार दोपहर करीब 1 बजे उसे फोन करके बुलाया कि क्लिनिक पर कोई नहीं है, जरूरी बात करनी है। पप्पू जैसे ही वहां पहुंचा, पहले से मौजूद 5-6 युवकों ने उसे चारों तरफ से घेर लिया। आरोप है कि इमरान और उसके भाइयों सहित अन्य लोगों ने लाठी-डंडों और लोहे के पाइप से ताबड़तोड़ वार शुरू कर दिए। पप्पू के दोनों हाथ-पैर तोड़ दिए गए और सिर पर ईंट से वार किया गया। चीख-पुकार सुनकर जब तक लोग जुटते, हमलावर उसे मरणासन्न छोड़ भाग गए। पिता जाकिर हुसैन की सूचना पर पुलिस ने उसे अस्पताल पहुंचाया। पत्नी बोली- 9 साल पहले हुई थी शादी, दिल्ली भागने की देती थी धमकी घायल पप्पू की पत्नी नाजरीन बी ने बताया कि उनकी शादी को 9 साल हो चुके हैं और उनके दो बेटे हैं। इसके बावजूद क्लिनिक चलाने वाली अविवाहित युवती नुसरत लगातार उसके पति पर दबाव बना रही थी। वह कहती थी कि अपनी पत्नी को तलाक देकर मेरे साथ दिल्ली भाग चलो और वहां कोर्ट मैरिज कर लो। जब पति ने जाने से इनकार किया, तो रंजिश रखते हुए उसे बहाने से बुलाकर जानलेवा हमला करवा दिया। पत्नी का आरोप है कि युवती और उसके परिजन पहले भी जान से मारने की धमकी दे चुके हैं और अभी भी उनके परिवार की जान को खतरा बना हुआ है। 3 नामजद और कुछ अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज, आरोपी फरार सीओ हाईवे देवेश सिंह ने बताया, 2 अक्टूबर को थाना भोजीपुरा अंतर्गत ग्राम घंघोरा-घंघोरी निवासी जाकिर हुसैन द्वारा एक प्रार्थना पत्र दिया गया। जिसमें बताया गया कि उनके बेटे पप्पू गांव के ही एक क्लिनिक पर दवा लेने गए थे, जहां कुछ व्यक्तियों द्वारा उनके साथ मारपीट की गई, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। सूचना पर तत्काल जांच कर घायल का मेडिकल परीक्षण कराया गया। थाना भोजीपुरा पर तीन नामजद और कुछ अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है, जल्द ही उन्हें हिरासत में लेकर विधिक कार्रवाई की जाएगी। मौके पर शांति व्यवस्था कायम है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User