शाहजहांपुर में किसानों ने कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया:धान-गन्ने का मूल्य बढ़ाने, अधिकारियों के ट्रांसफर और आवारा पशुओं को हटाने की मांग
शाहजहांपुर। भारतीय किसान यूनियन (राष्ट्रीयतावादी) ने गुरुवार दोपहर करीब एक बजे किसानों की समस्याओं को लेकर कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। संगठन ने जिलाधिकारी को संबोधित छह सूत्रीय ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट रजनीकांत पांडे को सौंपा। इसमें किसानों की समस्याओं के निस्तारण की मांग की गई। ज्ञापन में जिले के प्रत्येक ब्लॉक और न्याय पंचायत स्तर पर धान खरीद केंद्र खोलने, धान का भाव 3,000 से 3,500 रुपये और गन्ने का मूल्य 700 से 1,000 रुपये प्रति क्विंटल करने की मांग की गई। इसके अलावा सिंधौली विकासखंड के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, थाना, खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय और खंड विकास अधिकारी कार्यालय में तीन साल से अधिक समय से तैनात अधिकारियों व कर्मचारियों के तबादले की मांग उठाई गई। संगठन ने राष्ट्रीय राजमार्गों और सड़कों पर बैठे आवारा पशुओं को हटाकर गोशालाओं में पहुंचाने की भी मांग की।
भारतीय किसान यूनियन (राष्ट्रीयतावादी) के उपाध्यक्ष मुनेश्वर दयाल कठेरिया ने कहा कि किसानों का धान 1,400 रुपये प्रति क्विंटल तक बिक रहा है, जबकि न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीद नहीं हो रही है। खाद की कमी से आलू और चने की बुवाई प्रभावित होने की आशंका है। उन्होंने आरोप लगाया कि लेखपाल बिना पैसे लिए रिपोर्ट नहीं लगाते और नुकसान का स्थलीय निरीक्षण भी नहीं करते। कठेरिया ने कहा कि किसानों की समस्याओं को लेकर संगठन कई बार ज्ञापन दे चुका है। इसके बावजूद मांगों का समाधान नहीं हुआ। मांगें पूरी नहीं होने पर संगठन ने आर-पार की लड़ाई लड़ने की चेतावनी दी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)