संभल में मदनलाल खड़गवंशी बने भाजपा पिछड़ा मोर्चा जिलाध्यक्ष:1991 में बूथ अध्यक्ष से शुरू किया था सफर, तीन दशक से अधिक समय से पार्टी में सक्रिय

Oct 15, 2026 - 14:48
0
संभल में मदनलाल खड़गवंशी बने भाजपा पिछड़ा मोर्चा जिलाध्यक्ष:1991 में बूथ अध्यक्ष से शुरू किया था सफर, तीन दशक से अधिक समय से पार्टी में सक्रिय
संभल। भाजपा ने विधानसभा चुनाव 2027 से पहले संगठन में नियुक्तियों का सिलसिला शुरू कर दिया है। इसी क्रम में मदनलाल खड़गवंशी को भाजपा पिछड़ा मोर्चा का जिलाध्यक्ष बनाया गया है। बुधवार देर रात 12:15 बजे पिछड़ा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष प्रकाश पाल ने इसकी घोषणा की। चंदौसी विधानसभा क्षेत्र के खेतापुर गांव निवासी मदनलाल खड़गवंशी के जिलाध्यक्ष बनने पर पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खुशी है। भाजपा जिलाध्यक्ष चौधरी हरेंद्र सिंह रिंकू और प्रदेश सरकार में माध्यमिक शिक्षा राज्यमंत्री गुलाब देवी समेत पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने उन्हें बधाई दी। मदनलाल खड़गवंशी वर्ष 1991 में भाजपा से जुड़े थे। उन्होंने बूथ अध्यक्ष के रूप में राजनीतिक सफर शुरू किया। वर्ष 2000 में वह क्षेत्र पंचायत सदस्य बने। वर्ष 2002 में उन्हें भाजपा का मंडल अध्यक्ष बनाया गया। इस पद पर वह वर्ष 2010 तक रहे। वर्ष 2010 में जिला पंचायत सदस्य चुने गए और इसी साल पार्टी के जिला मंत्री भी बनाए गए। उस समय यह क्षेत्र मुरादाबाद जिले में आता था। 28 सितंबर 2004 को भीमनगर जिला बना, जिसका नाम बाद में संभल हुआ। वर्ष 2018 में मदनलाल को भाजपा का जिला उपाध्यक्ष बनाया गया। उन्होंने बताया कि वर्ष 2009 के लोकसभा चुनाव के दौरान उनकी विधानसभा बहजोई से बदलकर चंदौसी हो गई थी। जिला पंचायत का चुनाव उन्होंने दो बार और लड़ा, लेकिन जीत नहीं मिली। अन्य मोर्चों में भी नियुक्तियां भाजपा ने अन्य संगठनात्मक पदों पर भी नियुक्तियां की हैं। माध्यमिक शिक्षा राज्यमंत्री गुलाब देवी की बेटी साक्षी दिवाकर को पार्टी का प्रदेश प्रवक्ता बनाया गया है। वहीं, असमोली विधानसभा क्षेत्र के रुदायन गांव निवासी विरलेश यादव को किसान मोर्चा का प्रदेश मंत्री और शिवराजपुर गांव निवासी नेत्रपाल सिंह यादव को किसान मोर्चा का जिलाध्यक्ष बनाया गया है। चंदौसी और गुन्नौर विधानसभा क्षेत्रों में खड़गवंशी मतदाताओं की अच्छी संख्या बताई जाती है। वहीं, गुन्नौर और असमोली में यादव मतदाता भी चुनावी समीकरण में अहम माने जाते हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User