शाहजहांपुर में प्रेम प्रसंग को लेकर हंगामा:युवती के साथ शादीशुदा युवक पकड़ा गया, घर वालों और हिंदू संगठन के लोगों ने पुलिस को सौंपा
शाहजहांपुर में सोमवार दोपहर प्रेम प्रसंग को लेकर बंडा चौराहे पर हंगामे की स्थिति बन गई। युवती के परिजन हिंदू संगठन के सदस्यों के साथ मौके पर पहुंचे और युवक-युवती को पकड़ लिया। इसके बाद युवक को पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। युवती की मां ने पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई कर रही है। खुटार थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली युवती खुटार में कंप्यूटर कोर्स करने आती थी। इसी दौरान उसका दूसरे समुदाय के युवक से प्रेम प्रसंग चलने की बात सामने आई है। युवक भी खुटार के एक गांव का रहने वाला है और मोबाइल की दुकान चलाता है। बताया जा रहा है कि युवक शादीशुदा है और उसके यहां तीन दिन पहले ही बेटी का जन्म हुआ है। इसके बावजूद युवती के साथ उसके प्रेम प्रसंग की चर्चा क्षेत्र में हो रही है। बताया गया कि दोनों को इससे पहले भी एक-दो बार साथ देखा जा चुका था। सोमवार को दोपहर करीब 12 बजे दोनों बंडा चौराहे पर मौजूद थे। इसी दौरान युवती के परिजन हिंदू संगठन के सदस्यों के साथ वहां पहुंच गए। उन्होंने दोनों को पकड़ लिया। मौके पर कुछ देर तक लोगों की भीड़ जुटी रही। बाद में परिजनों ने युवक को पुलिस के हवाले कर दिया। मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शिकायत के आधार पर कार्रवाई शुरू कर दी। खुटार थाना प्रभारी लोकेंद्र त्यागी ने बताया कि युवती की मां की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कराया जा रहा है। आरोपी युवक को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जाएगा। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)