शाहजहांपुर में स्कूल में छात्रा से अभद्रता का आरोप:मां ने मानसिक उत्पीड़न का आरोप लगाया, मंच पर बोलने नहीं दिया

Oct 15, 2026 - 08:27
0
शाहजहांपुर में स्कूल में छात्रा से अभद्रता का आरोप:मां ने मानसिक उत्पीड़न का आरोप लगाया, मंच पर बोलने नहीं दिया
शाहजहांपुर में निजी स्कूल में पांच वर्षीय छात्रा को कक्षा में बैठने से रोकने और उसके साथ कथित दुर्व्यवहार का मामला सामने आया है। छात्रा की मां ने स्कूल प्रबंधन पर मानसिक उत्पीड़न का आरोप लगाया है। बेटी का दाखिला जुलाई में एलकेजी में हुआ था। आरोप है कि 14 अगस्त को आयोजित कार्यक्रम में तैयारी के बावजूद बच्ची को मंच पर प्रस्तुति देने का अवसर नहीं दिया गया। 17 सितंबर को दादा-दादी दिवस पर भी बच्ची को अंतिम समय में मंच पर बुलाया गया और उसे बोलने का मौका नहीं मिला। मां का कहना है कि इन घटनाओं से बच्ची के मन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा और वह स्कूल जाने से घबराने लगी है। रूही नाज ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया है, जो बुधवार शाम 5 बजे सामने आया। इस वीडियो में वह स्कूल परिसर के अंदर जाती और वहां मौजूद स्टाफ से बहस करती दिख रही हैं। उनका आरोप है कि बुधवार को बच्ची को स्कूल भेजा गया, लेकिन कुछ देर बाद उसे वापस ले जाने के लिए फोन आ गया। स्कूल पहुंचने पर उन्होंने सुरक्षा कर्मियों पर रोकने और हाथापाई करने का आरोप लगाया। परिवार की ओर से रोजा थाने में तहरीर दी गई है। दूसरी ओर, इस मामले में स्कूल के निदेशक अंकित गुप्ता ने रोजा थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया है कि 14 अक्टूबर को बच्ची की मां और उनके पिता सिद्दीकी ने विद्यालय परिसर में स्टाफ व शिक्षकों के साथ अभद्र व्यवहार और मारपीट की। तहरीर में जान से मारने की धमकी देने और फेसबुक व इंस्टाग्राम पर भ्रामक वीडियो व पोस्ट प्रसारित कर स्कूल की छवि खराब करने के आरोप लगाए गए हैं। रोजा थाने के प्रभारी निरीक्षक उमेश मिश्रा ने बताया कि जीडी गोयनका स्कूल व बच्ची के पेरेंट्स दोनों पक्षों की ओर से तहरीर मिली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और उसी के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User