शामली में अवैध हथियार फैक्ट्री, तमंचों के साथ आरोपी गिरफ्तार:ट्यूबवैल पर तमंचे बनाने का चल रहा था धंधा, चुनाव करना था प्रभावित

Oct 19, 2026 - 16:08
0
शामली में अवैध हथियार फैक्ट्री, तमंचों के साथ आरोपी गिरफ्तार:ट्यूबवैल पर तमंचे बनाने का चल रहा था धंधा, चुनाव करना था प्रभावित
कैराना पुलिस ने बरनावी गांव के जंगल में एक ट्यूबवेल पर चल रही अवैध हथियार फैक्ट्री का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मौके से 40 तमंचे बरामद किए, जिनमें 21 बने और 19 अधबने तमंचे शामिल हैं। इसके अलावा हथियार बनाने का सामान भी जब्त किया गया है। इस मामले में पुलिस ने बरनावी के रहने वाले हारून को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, हारून आगामी चुनाव को प्रभावित करने के लिए तमंचे बनाकर सप्लाई कर रहा था। आरोपी से पूछताछ के बाद पुलिस अब हथियार खरीदने वालों की तलाश कर रही है। यह कार्रवाई एसपी एनपी सिंह के निर्देश पर अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई है। जब्त हथियारों में 12 तमंचे 315 बोर, एक तमंचा 12 बोर और एक पोनिया तमंचा 12 बोर शामिल हैं। इसके अलावा 315 बोर के नौ जिंदा कारतूस भी मिले हैं। अधबने सामान में 315 बोर की 13 नाल, 12 बोर की 10 नाल, 15 अधबनी बट-बॉडी, 12 ट्रिगर और कई स्प्रिंग व अन्य पुर्जे शामिल हैं। एक बड़ी बंदूक की लकड़ी की बट भी बरामद हुई है। फैक्ट्री से ग्राइंडर, ड्रिल मशीन, वेल्डिंग मशीन, आरी, रेती, प्लास, वायर कटर, पाइप रिंच, हथौड़ा, छैनी और वेल्डिंग रॉड समेत हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण भी बरामद किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी द्वारा तैयार किए गए तमंचे खरीदने वालों की पहचान की जा रही है। उनकी गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार हारून के खिलाफ कैराना थाने में पहले भी आर्म्स एक्ट, हत्या के प्रयास और गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे दर्ज हैं। इनमें साल 2015 का आर्म्स एक्ट, साल 2017 का हत्या के प्रयास और वर्ष 2021 का गैंगस्टर एक्ट का मुकदमा शामिल है। पुलिस ने साल 2026 में भी उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज होने का उल्लेख किया है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User