आगरा के घटिया आजम खां में सजा रावण बाजार:1200 से 3000 तक में बिक रहे पुतले, 50 साल से लग रहा बाजार

Oct 19, 2026 - 16:08
0
आगरा के घटिया आजम खां में सजा रावण बाजार:1200 से 3000 तक में बिक रहे पुतले, 50 साल से लग रहा बाजार
आगरा में दशहरा आते ही घटिया आजम खां में रावण का बाजार सज गया है। यहां 5 फीट से लेकर 8 फीट तक के रंग-बिरंगे रावण खरीदने को मिल रहे हैं। छोटे रावण की कीमत 1200 रुपये से शुरू है, जबकि बड़ा रावण 3000 रुपये तक में बिक रहा है। बाजार में इन दिनों कारीगर पुतले बनाने में दिन-रात जुटे हैं। कारीगर लाखन सिंह कई दिनों से रावण तैयार कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि पुतला बनाना मेहनत और हुनर का काम है। इसे बनाने में रंग-बिरंगे कागज, अरारोट और मिट्टी का इस्तेमाल होता है। मिट्टी से चेहरे का आकार तैयार किया जाता है, फिर उस पर पेंटिंग कर आकर्षक रूप दिया जाता है। कागजों से पूरे शरीर को सजाया जाता है। एक पुतले को तैयार करने में दो दिन का समय लगता है। 20 दिन में करीब 10 पुतले ही तैयार हो पाते हैं। घटिया आजम खां में किफायती दाम पर पुतले मिलने से यहां ग्राहकों की भीड़ बढ़ने लगी है। शहर के अलग-अलग इलाकों के अलावा दूर-दराज से भी लोग यहां रावण खरीदने आ रहे हैं। कई लोग घर और मोहल्ले में दशहरा मनाने के लिए छोटे पुतले ले जा रहे हैं, तो बड़ी संस्थाएं और कमेटियां बड़े आकार के रावण को पसंद कर रही हैं। दशहरा नजदीक आते ही कारीगरों की व्यस्तता बढ़ गई है। समय पर ऑर्डर पूरा करने के लिए वे सुबह से देर रात तक काम में जुटे हैं। बाजार में सजे रंग-बिरंगे रावण लोगों का ध्यान खींच रहे हैं। लाखन सिंह ने बताया कि इस बार महंगाई के बावजूद दाम ज्यादा नहीं बढ़ाए हैं, ताकि हर कोई रावण खरीद सके। दशहरे से पहले बाजार की चहल-पहल कारीगरों के लिए रोजगार का बड़ा मौका लेकर आती है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User