शामली में सपा सांसद रामजीलाल सुमन को काले झंडे दिखाए:राज्यसभा में राणा सांगा को लेकर दिया था बयान, राजपूत उत्थान सभा ने जताया विरोध

Oct 07, 2026 - 14:18
0
शामली में सपा सांसद रामजीलाल सुमन को काले झंडे दिखाए:राज्यसभा में राणा सांगा को लेकर दिया था बयान, राजपूत उत्थान सभा ने जताया विरोध
समाजवादी पार्टी के राज्यसभा सांसद रामजीलाल सुमन बुधवार को थानाभवन पहुंचे। किसान इंटर कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने से पहले ही राजपूत उत्थान सभा के कार्यकर्ताओं ने उनके काफिले को काले झंडे दिखाकर विरोध जताया। विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व राजपूत उत्थान सभा के प्रदेश अध्यक्ष अनुरेश पुंडीर ने किया। राजपूत समाज के लोगों का कहना था कि वर्ष 2025 में राज्यसभा में राणा सांगा को लेकर सांसद रामजीलाल सुमन द्वारा दिए गए बयान से समाज में नाराजगी है। इसी के विरोध में उनके थानाभवन पहुंचने पर काले झंडे दिखाए गए। राणा सांगा को लेकर सुमन की टिप्पणी के बाद देश के कई हिस्सों में राजपूत और अन्य संगठनों ने विरोध प्रदर्शन किए थे। बुधवार को सुमन का कार्यक्रम थानाभवन के किसान इंटर कॉलेज में था। उनके काफिले के पहुंचने से पहले ही राजपूत उत्थान सभा से जुड़े लोग सड़क पर पहुंच गए और काले झंडे दिखाकर नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं ने कहा कि राणा सांगा को लेकर की गई टिप्पणी को लेकर उनका विरोध आगे भी जारी रहेगा। वहीं, पूर्व में सुमन ने विवादित टिप्पणी को लेकर कहा था कि उनका उद्देश्य किसी की धार्मिक भावनाओं को आहत करना नहीं था। उन्होंने राणा सांगा और बाबर से जुड़े ऐतिहासिक प्रसंग को लेकर अपनी बात रखी थी। काले झंडे दिखाए जाने के दौरान पुलिस-प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था भी मौजूद रही। सांसद के कार्यक्रम को लेकर थानाभवन में राजनीतिक गतिविधियां भी तेज रहीं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User