शामली में तेज रफ्तार ट्रक ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को टक्कर मारी:हादसे में 21 साल के युवक की मौत, एक घायल, दोनों वाहन पलटे
शामली में आदर्श मंडी थाना क्षेत्र के गौहरनी बाईपास पर रविवार रात करीब 10 बजे तेज रफ्तार ट्रक ने ट्रैक्टर-ट्रॉली में टक्कर मार दी। हादसे में ट्रैक्टर चला रहे 21 वर्षीय जावेद पुत्र अफजल निवासी बुधपुरा की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं ट्रैक्टर पर उसके बराबर में बैठे शोएब पुत्र अब्बास गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद ट्रक और ट्रैक्टर-ट्रॉली दोनों पलट गए। घटना की सूचना मिलते ही आदर्श मंडी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल शोएब को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया, जबकि जावेद के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सोमवार सुबह पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे परिजनों ने बताया कि जावेद ट्रैक्टर-ट्रॉली से ईंट भट्ठे पर ईंट ढुलाई का काम करता था। रविवार शाम करीब आठ बजे वह घर से काम के लिए निकला था। रात करीब 10 बजे परिवार को हादसे की सूचना मिली, जिसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे। वहां जावेद की मौत हो चुकी थी। आदर्श मंडी थाना प्रभारी ज्ञानेंद्र कुमार ने बताया कि देर रात सड़क हादसे की सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल में भर्ती कराया। हादसे में ट्रक और ट्रैक्टर-ट्रॉली दोनों पलट गए। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)