सहारनपुर में 10.10 लाख के लूट की सूचना निकली फर्जी:इंश्योरेंस के थे पैसे, जनसेवा केंद्र संचालक पर था कर्ज, बरामद हुई रकम

Oct 17, 2026 - 16:25
0
सहारनपुर में 10.10 लाख के लूट की सूचना निकली फर्जी:इंश्योरेंस के थे पैसे, जनसेवा केंद्र संचालक पर था कर्ज, बरामद हुई रकम
सहारनपुर में बेहट कोतवाली क्षेत्र में जनसेवा केंद्र संचालक से 10.10 लाख रुपये की लूट की सूचना पुलिस जांच में फर्जी निकली। मिर्जापुर थाना क्षेत्र के गांव मलकपुर निवासी दीपक कुमार सैनी ने शनिवार को गंदेवड़-रायपुर रोड पर शराब के ठेके के पास चार नकाबपोश बदमाशों द्वारा लूट किए जाने की सूचना दी थी। सूचना के बाद पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। हालांकि, एसपी देहात मयंक पाठक का कहना है कि लूट की सूचना फर्जी दी गई थी। 10 लाख रुपये भी मिल गए हैं। दीपक कुमार सैनी रायपुर में जनसेवा केंद्र चलाते हैं। उन्होंने वहां एक कंपनी का एटीएम भी लगा रखा है। शनिवार को वह बेहट स्थित भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) की शाखा से नकदी निकालकर अपनी सफेद रंग की पंच कार से लौट रहे थे। उनके मुताबिक, अगले दो-तीन दिन बैंक बंद रहने के कारण उन्होंने 10.10 लाख रुपये निकलवाए थे। कार का रास्ता रोककर लूटने का लगाया आरोप दीपक ने बताया था कि गंदेवड़-रायपुर रोड पर शराब के ठेके के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने उनकी कार के आगे बाइक लगाकर रास्ता रोक दिया। इसी दौरान सड़क किनारे झाड़ियों में छिपे दो अन्य बदमाशों ने कार पर पथराव कर शीशा तोड़ दिया। इसके बाद एक बदमाश ने कार की खिड़की खुलवाकर उनकी कनपटी पर तमंचा लगा दिया और नकदी से भरा बैग छीन लिया। आरोप था कि चारों बदमाश आलमपुर अमादपुर गांव के संपर्क मार्ग से फरार हो गए। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर की जांच घटना के बाद दीपक ने डायल-112 पर संपर्क करने का प्रयास किया। बात नहीं होने पर उन्होंने परिजनों और पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। एसपी देहात मयंक पाठक ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर दीपक से जानकारी ली। शुरुआत में मामला 10.10 लाख रुपये की लूट का बताया गया, लेकिन एसपी देहात ने लूट की सूचना को फर्जी बताया है। उनके अनुसार, 10 लाख रुपये मिल गए हैं। इंश्योरेंस के पैसों का गबन करना चाहता था।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User