सहारनपुर में 14 साल की शादी...फिर घर से बेदखल:महिला बोली-पति-सास ने छीने गहने, बच्चों से भी नहीं मिलने दिया

Oct 20, 2026 - 05:25
0
सहारनपुर में 14 साल की शादी...फिर घर से बेदखल:महिला बोली-पति-सास ने छीने गहने, बच्चों से भी नहीं मिलने दिया
सहारनपुर में सात फेरे लेकर जिस घर में आई, उसी घर से मारपीट कर निकालने और बच्चों से दूर करने का आरोप लगा है। नागल क्षेत्र के गांव खटौली निवासी बीना ने पति, सास, ससुर और देवर पर दहेज प्रताड़ना, मारपीट और मानसिक उत्पीड़न के आरोप लगाए हैं। महिला का कहना है कि 24 नवंबर 2025 को उसे घर से निकाल दिया गया और शादी में मिले सोने-चांदी के आभूषण, स्त्रीधन और अन्य सामान भी ससुराल में रख लिया गया। आरोप है कि उसे अपने बच्चों से मिलने तक नहीं दिया जा रहा। शिकायत पर महिला थाने में चारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। बीना के मुताबिक, उसकी शादी वर्ष 2012 में गांव बादशाहपुर निवासी प्रवेश कुमार से हुई थी। मायके वालों ने अपनी हैसियत के अनुसार दहेज में घरेलू सामान, फर्नीचर, इलेक्ट्रॉनिक सामान, कपड़े और सोने-चांदी के आभूषण दिए थे। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही ससुराल में उसे ताने दिए जाने लगे। सास प्रमिला गाली-गलौज करती थी और पति को उसके खिलाफ भड़काती थी। धीरे-धीरे पति का व्यवहार भी उसके प्रति कठोर होता गया। ससुर और देवर समेत परिवार के अन्य सदस्य भी उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित करने लगे। 2018 में शिकायत, समझौता भी बेअसर महिला ने शिकायत में बताया कि उसने वर्ष 2018 में भी महिला थाने में शिकायत की थी। उस समय पुलिस और समाज के लोगों के हस्तक्षेप से समझौता हुआ था। ससुराल वालों ने अच्छा व्यवहार करने का भरोसा दिया तो उसने बच्चों के भविष्य और परिवार बचाने के लिए दोबारा साथ रहने का प्रयास किया। लेकिन उसके आरोप के मुताबिक, कुछ समय बाद फिर से प्रताड़ना शुरू हो गई। उसे पागल और मानसिक रूप से असंतुलित बताकर अपमानित किया जाता था। रिश्तेदारों और पड़ोसियों के बीच भी उसके बारे में गलत बातें फैलाने का आरोप लगाया है। घर से निकाला, गहने और सामान भी नहीं ले जाने दिया बीना का आरोप है कि 24 नवंबर 2025 को पति प्रवेश कुमार, सास प्रमिला, ससुर शेर सिंह और देवर सुधीर ने उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की। धक्का-मुक्की कर उसे घर से निकाल दिया गया। वह अपने कपड़े, आभूषण और अन्य सामान भी नहीं ले जा सकी। महिला के मुताबिक, उसका पूरा स्त्रीधन और दहेज का सामान ससुराल वालों के कब्जे में है। बच्चों के स्कूल पहुंचने पर भी मिलने नहीं देने का आरोप महिला ने आरोप लगाया कि ससुराल वालों ने उसके बच्चों को अपने पास रोक रखा है। जब भी वह उनसे मिलने जाती है तो उसे अपमानित कर भगा दिया जाता है। बच्चों के स्कूल में मिलने की कोशिश करने पर भी सास के विरोध का सामना करना पड़ता है। आरोप है कि सास स्कूल के अध्यापकों और कर्मचारियों से विवाद करती है और बच्चों को मां से मिलने नहीं देती। महिला का कहना है कि ससुराल वाले उसे दोबारा घर में रखने से इनकार करते हैं और शिकायत करने पर कुछ नहीं बिगाड़ पाने की बात कहते हैं। स्त्रीधन वापसी और बच्चों से मिलाने की मांग बीना ने पुलिस से अपना स्त्रीधन, सोने-चांदी के आभूषण और दहेज का सामान वापस दिलाने की मांग की है। साथ ही बच्चों से मिलने और उनके साथ रहने की व्यवस्था कराने तथा मारपीट, धमकी और मानसिक उत्पीड़न से सुरक्षा देने की गुहार लगाई है। मामले में पति प्रवेश कुमार, सास प्रमिला, ससुर शेर सिंह और देवर सुधीर के खिलाफ महिला थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User