सहारनपुर में 4.76 करोड़ की स्मैक के साथ 3 गिरफ्तार:तस्कर की गिरफ्तारी के बाद भतीजा संभाल रहा था कारोबार, नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस
सहारनपुर में बरेली से स्मैक लाकर सप्लाई करने वाले नेटवर्क का नकुड़ पुलिस ने खुलासा किया है। संयुक्त टीम ने तीन तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 2.38 किलो स्मैक और 10.30 लाख रुपए बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक, बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 4 करोड़ 76 लाख रुपए है। पूछताछ में सामने आया कि तीनों बरेली के फतेहगंज पूर्वी क्षेत्र के कादरगंज से स्मैक खरीदकर सहारनपुर लाते थे। यहां अलग-अलग लोगों को इसकी सप्लाई की जाती थी। पुलिस अब तस्करों के बताए नामों और नेटवर्क के लिंक की जांच कर रही है। कादरगंज से मामा से लेते थे स्मैक पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार सन्नी ने पूछताछ में बताया कि वह अर्शलान उर्फ गुड्डू और हर्षित के साथ मिलकर कादरगंज निवासी जिलानी उर्फ बबलू से स्मैक खरीदता था। पुलिस के अनुसार, जिलानी अर्शलान का सगा मामा है। तीनों बरेली से माल लेकर सहारनपुर आते और यहां ग्राहकों को सप्लाई करते थे। पूछताछ में आर्यन समेत कुछ अन्य लोगों को माल देने की बात भी सामने आई है। पुलिस इन बयानों का सत्यापन कर रही है। अमित के जेल जाने के बाद भतीजे ने संभाला कारोबार सन्नी ने पुलिस को बताया कि वह पहले बुढेड़ा निवासी अमित उर्फ अनित के साथ स्मैक की तस्करी करता था। वर्ष 2021 में अमित के लिए स्मैक लेकर जाते समय वह पकड़ा गया था और जेल गया था। जेल से बाहर आने के बाद सन्नी बरेली में रहने लगा। यहीं उसकी अर्शलान और हर्षित से मुलाकात हुई और तीनों ने मिलकर फिर से सप्लाई शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार, अमित के जेल जाने के बाद उसका भतीजा आर्यन कारोबार संभालने लगा था। सन्नी के बयान के मुताबिक, तीनों आर्यन को भी स्मैक उपलब्ध कराते थे। पुलिस अब इस दावे और आर्यन की भूमिका की जांच कर रही है। स्मैक बेचकर मिली रकम तीनों ने बांट ली पुलिस के मुताबिक, बरामद 10 लाख 30 हजार 30 रुपए के बारे में भी सन्नी ने बताया कि यह रकम स्मैक बेचकर मिली थी। तीनों ने इसे आपस में बांट लिया था। पुलिस रकम के स्रोत और इसके नेटवर्क से संबंध की भी जांच कर रही है। बिजलीघर चौराहे पर चेकिंग में दबोचे गए 24 सितंबर को पुलिस को सूचना मिली कि स्मैक की खेप लेकर कुछ लोग नकुड़ इलाके से गुजरने वाले हैं। इसके बाद नकुड़ पुलिस, एंटी नारकोटिक्स सेल, SOG, SWAT और सर्विलांस की संयुक्त टीम ने नकुड़-अंबेहटा पीर मार्ग पर बिजलीघर चौराहे के पास चेकिंग शुरू की। इसी दौरान सन्नी, अर्शलान उर्फ गुड्डू और हर्षित को गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी में उनके पास से स्मैक और नकदी बरामद हुई। पुलिस अब तलाश रही बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक SSP अभिनंदन सिंह के मुताबिक, जांच सिर्फ तीन आरोपियों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है। पुलिस यह पता लगा रही है कि कादरगंज में इन तस्करों तक स्मैक कौन पहुंचाता था और सहारनपुर में इसे किन लोगों को बेचा जाता था। यानी पुलिस नेटवर्क के बैकवर्ड लिंक में सप्लायर और फॉरवर्ड लिंक में खरीदारों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। बरेली से सहारनपुर के अलावा इस नेटवर्क का कनेक्शन पश्चिमी यूपी के दूसरे जिलों से है या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है। सन्नी के खिलाफ पहले से चिलकाना और गागलहेड़ी थाने में मादक पदार्थों से जुड़े दो मुकदमे दर्ज हैं। अर्शलान और हर्षित का आपराधिक रिकॉर्ड भी बरेली और शाहजहांपुर पुलिस से जुटाया जा रहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)