सहारनपुर में 50 लाख की स्मैक के साथ तस्कर गिरफ्तार:265 ग्राम स्मैक मिली, आरोपी पर पहले से 7 मुकदमे
सहारनपुर पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई की है। बेहट क्षेत्र से शुक्रवार दोपहर तीन बजे एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उसके कब्जे से 265 ग्राम अवैध स्मैक पाउडर मिला। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत करीब 50 लाख रुपए बताई जा रही है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर पुलिस ने उसके आपराधिक नेटवर्क की जांच शुरू कर दी है। सीओ शशि प्रकाश के अनुसार, शुक्रवार 25 सितंबर को मुखबिर से जानकारी मिली थी कि एक नशा तस्कर स्मैक लेकर ग्राम रीढ़ी मोहउद्दीनपुर की तरफ जाने वाला है। सूचना मिलते ही बेहट पुलिस ने बताए गए रास्ते पर चेकिंग शुरू की। इसी दौरान पुलिस टीम को एक संदिग्ध व्यक्ति आता दिखा। पुलिस ने उसे रोककर तलाशी ली तो उसके कब्जे से 265 ग्राम स्मैक मिली। पूछताछ में आरोपी की पहचान उस्मान पुत्र यासीन, निवासी ग्राम रीढ़ी मोहउद्दीनपुर, थाना बेहट के तौर पर हुई। पुलिस आरोपी को गिरफ्तार कर थाने ले गई। स्मैक मिलने के बाद उसके खिलाफ बेहट थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ वर्ष 2022 से 2026 तक कुल सात मुकदमे दर्ज हैं। उस पर एनडीपीएस एक्ट समेत अन्य धाराओं में मामले शामिल हैं। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि वह स्मैक कहां से लाया था और इसे आगे किसे सप्लाई करने वाला था। पुलिस नशे के अवैध कारोबार से जुड़े फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक की भी जांच कर रही है। साथ ही नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। यह कार्रवाई एसएसपी के निर्देश पर थाना बेहट थानाध्यक्ष जितेंद्र सिंह दीक्षित के नेतृत्व में ऑपरेशन सवेरा अभियान के तहत की गई। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)