सहारनपुर में 59 जगह होगा रावण दहन...वाहनों की नो–एंट्री:सुरक्षा में तैनात रहेंगे 1500 से ज्यादा पुलिसकर्मी, सीसीटीवी और ड्रोन से होगी निगरानी

Oct 20, 2026 - 08:07
0
सहारनपुर में 59 जगह होगा रावण दहन...वाहनों की नो–एंट्री:सुरक्षा में तैनात रहेंगे 1500 से ज्यादा पुलिसकर्मी, सीसीटीवी और ड्रोन से होगी निगरानी
सहारनपुर में दशहरा पर्व पर मंगलवार को जिले में 59 स्थानों पर रावण के पुतलों का दहन किया जाएगा। शहर में 35 और देहात क्षेत्र में 24 जगहों पर आयोजन होंगे। दशहरा मेले और शोभायात्राओं के दौरान भीड़ को नियंत्रित करने के साथ सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस-प्रशासन ने व्यापक तैयारी की है। आयोजन स्थलों पर 1500 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती रहेगी। भीड़भाड़ वाले इलाकों और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। इसके लिए सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन की मदद ली जाएगी। सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली गतिविधियों पर भी पुलिस की नजर रहेगी। दशहरा के अवसर पर शहर के विभिन्न बाजारों और प्रमुख मार्गों से शोभायात्राएं निकाली जाएंगी। इसके चलते यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। शहर में मंगलवार रात 12 बजे तक भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। यह प्रतिबंध उन वाहनों पर भी लागू होगा, जिन्हें शहरी क्षेत्र में सामान उतारना या लादना है। वहीं, कोर्ट रोड पुल पर शाम पांच बजे के बाद कार, टेंपो और ई-रिक्शा का संचालन बंद रहेगा। इस दौरान पुल से केवल दोपहिया वाहन गुजर सकेंगे। शोभायात्राओं और पुतला दहन स्थलों पर रहेगी पुलिस की निगरानी दशहरा पर्व पर बेहट अड्डा, जुबली पार्क, गांधी पार्क और रेलवे कॉलोनी समेत विभिन्न स्थानों पर रावण दहन के कार्यक्रम होंगे। इन स्थानों पर पुलिस और पीएसी के जवान तैनात रहेंगे। शोभायात्राओं के निर्धारित मार्गों पर भी पुलिसकर्मी व्यवस्था संभालेंगे, ताकि भीड़ के बीच यातायात बाधित न हो और किसी तरह की अव्यवस्था की स्थिति न बने। एसएसपी अभिनंदन सिंह ने बताया कि रावण दहन से पहले शहर में शोभायात्राएं निकाली जाएंगी। पर्व को देखते हुए सुरक्षा, यातायात नियंत्रण और भीड़ प्रबंधन के इंतजाम किए गए हैं। कार्यक्रम स्थलों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों की निगरानी सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन से की जाएगी। सोशल मीडिया पर भी नजर रखी जाएगी। संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार गश्त कर व्यवस्था का जायजा लेंगे। अग्निशमन विभाग ने भी की तैयारी, स्थलों पर तैनात रहेंगी गाड़ियां रावण दहन के दौरान आग लगने की आशंका को देखते हुए अग्निशमन विभाग ने भी इंतजाम किए हैं। पुतला दहन वाले स्थानों पर अग्निशमन कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रताप सिंह ने बताया कि उपलब्ध संसाधनों के अनुसार दमकल की गाड़ियों को अलग-अलग स्थानों पर तैनात किया जाएगा। जरूरत के मुताबिक एक स्थान से आसपास के कई आयोजन स्थलों को कवर किया जाएगा, ताकि किसी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके। कोर्ट रोड पुल पर शाम 5 बजे से बदलेगा यातायात कोर्ट रोड पुल के बराबर में होने वाली रामलीला के कारण मंगलवार शाम पांच बजे के बाद पुल पर कार, टेंपो और ई-रिक्शा का आवागमन पूरी तरह बंद रहेगा। इस दौरान केवल दोपहिया वाहनों को गुजरने की अनुमति होगी। कोर्ट रोड से घंटाघर जाने के लिए: वाहन चालक हसनपुर चुंगी, सर्किट हाउस रोड, खलासी लाइन और शारदा नगर पुल होते हुए कुतुबशेर मार्ग का इस्तेमाल कर सकेंगे। घंटाघर से कोर्ट रोड जाने के लिए: देहरादून चौक, एसबीडी चौक, विश्वकर्मा चौक और दीवानी तिराहा होकर जाना होगा। बेहट अड्डा और नुमाइश कैंप क्षेत्र में भारी वाहनों पर रोक बेहट अड्डे पर रावण दहन के आयोजन को देखते हुए बेहट अड्डा से माली गेट, पुरानी चुंगी और कोतवाली देहात की ओर जाने वाले मार्गों पर भारी वाहनों का संचालन प्रतिबंधित रहेगा। इन मार्गों पर पहले से खड़े भारी वाहनों को दोपहर 12 बजे से पहले हटाने के निर्देश हैं। नुमाइश कैंप में होने वाले रावण दहन के मद्देनजर चौकी राकेश केमिकल से पुरानी चुंगी और बेहट अड्डे की ओर किसी भी प्रकार के भारी वाहन को जाने की अनुमति नहीं होगी। रात 12 बजे तक शहर में नहीं घुसेंगे भारी वाहन दशहरा पर्व पर यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए मंगलवार रात 12 बजे तक शहर में भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। यह पाबंदी उन भारी वाहनों पर भी लागू होगी, जिन्हें शहर के भीतर माल लादना या उतारना है। ऐसे में वाहन चालकों को निर्धारित प्रतिबंधों का पालन करना होगा और शहर में प्रवेश से पहले वैकल्पिक मार्गों की जानकारी कर लेनी चाहिए।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User