सहारनपुर में 6,298 किलो हल्दी-कुट्टू सीज:त्योहारों से पहले कई दुकानों से लिए सैंपल, मिलावट रोकने को अभियान

Oct 09, 2026 - 20:29
0
सहारनपुर में 6,298 किलो हल्दी-कुट्टू सीज:त्योहारों से पहले कई दुकानों से लिए सैंपल, मिलावट रोकने को अभियान
सहारनपुर में आगामी त्योहारों पर मिलावटखोरी रोकने और लोगों को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने शुक्रवार को छापेमारी अभियान तेज कर दिया है। जिले में विभिन्न प्रतिष्ठानों और भंडारण केंद्रों पर जांच के दौरान 6,298 किलोग्राम खाद्य सामग्री सीज की गई। इसमें 6,000 किलो साबुत हल्दी और 298 किलो साबुत कुट्टू शामिल है। विभागीय टीम ने कुट्टू, सिंघाड़े के आटे और हल्दी समेत विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे हैं। आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, लखनऊ के आदेश और जिलाधिकारी के निर्देश पर यह अभियान चलाया गया। कार्रवाई के दौरान खाद्य पदार्थों के भंडारण, गुणवत्ता और बिक्री से संबंधित मानकों की जांच की गई। अभियान के तहत बेहट अड्डा स्थित कन्नवाल कोल्ड स्टोर का निरीक्षण किया गया। यहां दीपक मित्तल द्वारा भंडारित साबुत कुट्टू और कोचर ब्रदर्स द्वारा रखी गई साबुत हल्दी के नमूने लिए गए। टीम ने 100 कट्टों में रखी करीब 6,000 किलोग्राम साबुत हल्दी को सीज कर कोल्ड स्टोरेज में ही सुरक्षित अभिरक्षा में रखवा दिया। इसके अलावा छह कट्टों में रखे 298 किलोग्राम साबुत कुट्टू को भी सीज किया गया। बेहट रोड स्थित अन्नपूर्णा फूड्स से साबुत कुट्टू का नमूना लिया गया। जनता रोड स्थित गणपति स्पाइसेस एंड फ्लोर्स से कुट्टू की गिरी और कुट्टू के आटे के नमूने लिए गए। तल्हेड़ी बुजुर्ग के मनोज प्रोविजन स्टोर से एयूएमजी ब्रांड के कुट्टू के आटे का नमूना संग्रहित किया गया। देवबंद क्षेत्र में भाईला रोड स्थित जेएनपी ब्रदर्स के प्रतिष्ठान से ओमजी ब्रांड के कुट्टू और सिंघाड़े के आटे के नमूने लिए गए। वहीं,शास्त्री चौक स्थित सनमती मार्केटिंग से हिम गोल्ड ब्रांड के व्रत वाले कुट्टू और सिंघाड़े के आटे के नमूने जांच के लिए भेजे गए। विभाग के अनुसार,सभी नमूने प्रयोगशाला भेज दिए गए हैं। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों की शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। यह कार्रवाई सहायक आयुक्त खाद्य-द्वितीय डॉ. चमन लाल के निर्देशन और मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकज कुमार गुप्ता के नेतृत्व में हुई। टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी जगदंबा प्रसाद, शिवनाथ सिंह, सुमन पाल,अमित कुमार गौतम, कुलदीप तिवारी, महेश कुमार, बिपिन कुमार, उमेश कुमार और विनोद कुमार शामिल रहे। विभाग ने कारोबारियों से खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने की अपील की है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User