सहारनपुर में 88.51 करोड़ गन्ना भुगतान अटका:DM ने बजाज मिल को फटकारा, बोले- समय पर भुगतान करें

Oct 05, 2026 - 20:57
0
सहारनपुर में 88.51 करोड़ गन्ना भुगतान अटका:DM ने बजाज मिल को फटकारा, बोले- समय पर भुगतान करें
सहारनपुर में किसानों के बकाया गन्ना मूल्य भुगतान को लेकर जिला प्रशासन ने चीनी मिलों पर शिकंजा कस दिया है। सोमवार शाम 6 बजे डीएम अरविंद कुमार चौहान ने जिले की सभी चीनी मिलों के यूनिट हेड और प्रबंधकों के साथ बैठक कर बकाया भुगतान की स्थिति और पेराई सत्र 2026-27 की तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में बजाज ग्रुप की गांगनौली चीनी मिल पर 88.51 करोड़ रुपये का बकाया सामने आने पर डीएम ने यूनिट हेड आरबी खोखर को कड़ी फटकार लगाई। जिला गन्ना अधिकारी शैलेश कुमार मौर्य ने बैठक में बताया कि जिले में गत पेराई सत्र 2025-26 का गन्ना मूल्य बकाया फिलहाल बजाज ग्रुप की गांगनौली चीनी मिल पर है। इस पर डीएम ने मिल प्रबंधन को साफ निर्देश दिए कि नया पेराई सत्र शुरू होने से पहले 2025-26 का पूरा बकाया किसानों को चुकाया जाए। इसके साथ ही भुगतान की कार्ययोजना दो दिन के भीतर जिला गन्ना अधिकारी के माध्यम से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। डीएम ने मिल प्रबंधन को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि यदि निर्धारित समय में भुगतान नहीं किया गया तो बजाज चीनी मिल का गन्ना दूसरी चीनी मिलों को डायवर्ट कराया जाएगा। प्रशासन के इस रुख से मिल प्रबंधन में खलबली मच गई। बैठक में आगामी पेराई सत्र 2026-27 में सभी चीनी मिलों को समय से चालू कराने के लिए रिपेयर और मेंटीनेंस कार्य की प्रगति भी परखी गई। अधिकारियों के अनुसार देवबंद मिल में 82 प्रतिशत, गांगनौली में 89.75 प्रतिशत, शेरमऊ में 79.75 प्रतिशत, गागलहेड़ी में 51.25 प्रतिशत, बिडवी में 80.25 प्रतिशत, नानौता में 75.25 प्रतिशत और सरसावा में 79.75 प्रतिशत मरम्मत कार्य पूरा हो चुका है। गागलहेड़ी की दया शुगर मिल की स्थिति सबसे खराब मिलने पर डीएम ने यूनिट हेड धनराज सिंह को भी कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने मरम्मत कार्य में तेजी लाकर नवंबर 2026 के प्रथम सप्ताह तक हर हाल में मिल का संचालन शुरू करने के निर्देश दिए। साथ ही तत्काल कार्ययोजना प्रस्तुत करने को कहा। डीएम ने कहा कि पेराई सत्र समय से शुरू होना किसानों के हित में बेहद जरूरी है। बैठक में नानौता, सरसावा, देवबंद, शेरमऊ, गांगनौली, बिडवी और दया शुगर मिल के अधिकारी तथा किसान प्रतिनिधि मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User