शॉर्ट सर्किट से हार्डवेयर दुकान में आग:लाखों का सामान जला, फायर ब्रिगेड नहीं पहुंची तो लोगों ने खुद बुझाई
जालौन के उरई शहर कोतवाली क्षेत्र में सोमवार शाम करीब 7:45 बजे शॉर्ट सर्किट के कारण एक हार्डवेयर की दुकान में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने अंदर ही अंदर विकराल रूप धारण कर लिया और दुकान के अंदर रखा लाखों रुपये मूल्य का हार्डवेयर का सामान जलकर राख हो गया। आग की लपटें और धुआं उठता देखकर आसपास के दुकानदारों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना देने के बावजूद मौके पर दमकल की गाड़ी न पहुंचने पर आसपास के दुकानदारों ने स्वयं आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। घटना सोमवार शाम करीब 7:45 बजे उरई कोतवाली क्षेत्र की पन्ना लोहे वाली गली में हुई। यहां बबलू अग्रवाल की हार्डवेयर की दुकान संचालित है। शाम को जब वह दुकान बंद करने लगे, तभी अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ, जिसके बाद दुकान के अंदर रखे सामान ने आग पकड़ ली। कुछ ही देर में आग तेजी से फैलने लगी और दुकान से धुआं निकलता देखकर आसपास के लोगों को घटना की जानकारी हुई। आग लगने की सूचना मिलते ही आसपास के दुकानदार मौके पर पहुंच गए और उन्होंने आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। स्थानीय लोगों ने पानी और अन्य संसाधनों की मदद से काफी देर तक कड़ी मशक्कत की। दुकानदारों का आरोप है कि सूचना देने के बाद भी दमकल की गाड़ी मौके पर नहीं पहुंची, जिसके चलते उन्हें खुद ही आग पर काबू पाने के लिए जूझना पड़ा। काफी प्रयास के बाद आग बुझाई जा सकी, लेकिन तब तक दुकान में रखा लाखों रुपये मूल्य का हार्डवेयर का सामान जलकर खाक हो चुका था। आग से दुकान के अंदर रखा काफी सामान पूरी तरह नष्ट होने से दुकानदार को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है और नुकसान का वास्तविक आकलन भी कराया जा रहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)