सहारनपुर में बिस्कुट में कीड़ा मिला:शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं होने का आरोप
सहारनपुर में एक प्रसिद्ध कंपनी के इलायची फ्लेवर बिस्कुट के पैकेट में चींटी जैसा कीड़ा मिलने का मामला सामने आया है। चोली शहाबुद्दीनपुर, मंडावर निवासी संजीव कुमार ने इसकी शिकायत खाद्य सुरक्षा विभाग से की थी। उनका आरोप है कि विभागीय कार्रवाई की जानकारी मांगने के बावजूद उन्हें नोटिस की कॉपी उपलब्ध नहीं कराई गई। रविवार सुबह दस बजे पीड़ित ने यह जानकारी मीडिया से साझा की है। संजीव के मुताबिक, उन्होंने छुटमलपुर की एक दुकान से कंपनी के चार पैकेट बिस्कुट खरीदे थे। इनमें से दो पैकेट खोलकर परिवार के बच्चे बिस्कुट खा रहे थे। इसी दौरान एक बिस्कुट में चींटी जैसा कीड़ा दिखाई दिया। उन्होंने तुरंत बच्चे के हाथ से बिस्कुट लेकर उसे खाने से रोक दिया। इसके बाद उन्होंने व्हाट्सऐप के माध्यम से सहारनपुर खाद्य सुरक्षा विभाग को शिकायत भेजी। शिकायत खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमित गौतम को भेजी गई। संजीव का कहना है कि 10 अगस्त को अधिकारी ने उनसे संपर्क कर छुटमलपुर स्थित दुकान की जानकारी ली और बाद में वहां जाकर जांच की। उन्हें बताया गया कि जांच के बाद कंपनी को नोटिस जारी किया जाएगा। संजीव के अनुसार, 17 अगस्त को कार्रवाई के बारे में जानकारी लेने पर अधिकारी ने बताया कि 18 अगस्त को कंपनी को नोटिस जारी कर दिया गया था। शिकायतकर्ता ने नोटिस की प्रति मांगी, लेकिन आरोप है कि उन्हें उपलब्ध नहीं कराई गई। इसके बाद उन्होंने मुख्यमंत्री पोर्टल पर भी शिकायत की। सीएम पोर्टल से मिले जवाब में भी 18 अगस्त को कंपनी को नोटिस जारी किए जाने और जवाब के लिए 15 दिन का समय दिए जाने की जानकारी दी गई। संजीव का कहना है कि समय सीमा बीतने के बाद भी उन्हें आगे की कार्रवाई के बारे में जानकारी नहीं दी गई और शिकायत बंद कर दी गई। उन्होंने अब मामले की दोबारा जांच कराने की मांग की है। संजीव का कहना है कि वह पुलिस और खाद्य सुरक्षा विभाग के उच्च अधिकारियों से शिकायत करेंगे। उनका कहना है कि मामला बच्चों के स्वास्थ्य से जुड़ा है, इसलिए नियमानुसार कार्रवाई होनी चाहिए।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)