सहारनपुर में हाउस टैक्स विवाद गरमाया:पार्षद पर 8.05 लाख लेने के आरोप, गवाही देने वाले मुतवल्ली ने SSP से लगाई निष्पक्ष जांच की गुहार

Oct 07, 2026 - 12:06
0
सहारनपुर में हाउस टैक्स विवाद गरमाया:पार्षद पर 8.05 लाख लेने के आरोप, गवाही देने वाले मुतवल्ली ने SSP से लगाई निष्पक्ष जांच की गुहार
सहारनपुर नगर निगम के वार्ड-68 के पार्षद इमरान सैफी पर हाउस टैक्स कम कराने के नाम पर कथित तौर पर लाखों रुपये लेने के आरोपों का मामला अब और तूल पकड़ता जा रहा है। इस मामले में गवाही देने वाले ईदगाह-ए-कदीम के मुतवल्ली और सामाजिक कार्यकर्ता नईम पीरजादा ने एसएसपी से शिकायत की है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के साथ ही उन्हें कथित तौर पर परेशान और बदनाम किए जाने की भी जांच कराने की मांग की है। बुधवार सुबह दस बजे नईम पीरजादा ने बताया कि, 23 सितंबर 2026 को याकूब पुत्र अय्यूब ने एसएसपी को शिकायत दी थी। इसमें पार्षद इमरान सैफी से जुड़े करीब 8.05 लाख रुपये के कथित लेन-देन का आरोप लगाया गया था। मामले की जांच सीओ प्रथम को सौंपी गई। नईम का कहना है कि 27 सितंबर को उन्होंने सीओ प्रथम के सामने अपना बयान दर्ज कराया था। नईम के अनुसार, कथित रकम का लेन-देन उनकी मौजूदगी में हुआ था। आरोप है कि ईदगाह की दुकानों का टैक्स कम कराने के नाम पर रकम दी गई थी। नईम का दावा है कि इस मामले से जुड़े लिखित साक्ष्य भी मौजूद हैं और संबंधित लोगों के हस्ताक्षर वाले दस्तावेज जांच के दौरान अधिकारियों को उपलब्ध कराए जा सकते हैं। नईम का आरोप है कि बयान दर्ज कराने के कुछ दिन बाद सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों के जरिए उनके खिलाफ तरह-तरह के आरोप लगाए जाने लगे। उनका कहना है कि यह उनकी गवाही को प्रभावित करने और उन पर दबाव बनाने की कोशिश हो सकती है। उन्होंने अपने ऊपर लगाए जा रहे आरोपों को निराधार बताया। नईम ने कहा कि वह वर्ष 2015 से ईदगाह-ए-कदीम के मुतवल्ली की जिम्मेदारी संभालते रहे हैं और ईदगाह से जुड़े किसी भी मामले की जांच के लिए तैयार हैं। किरायेदारों से संबंधित रिकॉर्ड भी जांचे जा सकते हैं। नईम के मुताबिक, उनका मुतवल्ली पद का कार्यकाल अगस्त में पूरा हो चुका है और उन्होंने आगे की प्रक्रिया के लिए वक्फ बोर्ड को पत्र भेज दिया है। बोर्ड या सक्षम अधिकारी द्वारा नई जिम्मेदारी सौंपे जाने तक उनके पास चार्ज है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User