सहारनपुर में किराए पर चलाने को ली आर्टिगा गिरवी रखी:सहारनपुर में सरकारी विभाग में गाड़ी लगाने की बात कही, एक हजार रोजाना लेना तय हुआ

Sep 25, 2026 - 06:49
0
सहारनपुर में किराए पर चलाने को ली आर्टिगा गिरवी रखी:सहारनपुर में सरकारी विभाग में गाड़ी लगाने की बात कही, एक हजार रोजाना लेना तय हुआ
सहारनपुर में सदर बाजार क्षेत्र में किराए पर चलाने के नाम पर कार लेने और बाद में उसे गिरवी रखने का मामला सामने आया है। पंजाबी बाग निवासी अमनदीप ने एक व्यक्ति पर उसकी अर्टिगा कार को किराए पर चलाने के लिए लेने के बाद बिना किराया दिए किसी के पास गिरवी रखने का आरोप लगाया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। अमनदीप पुत्र सोमनाथ निवासी पंजाबी बाग ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसके पास 2024 मॉडल की मारुति अर्टिगा कार यूपी-11 सीएस-9819 है। कार का चेसिस नंबर एमए3बीएनसी62एसआरसी776844 और इंजन नंबर के15सीएन9471268 है। तहरीर के अनुसार अमन चौधरी पुत्र सुनीत चौधरी निवासी ग्राम नंदी आहत फिरोजपुर, थाना कोतवाली देहात ने उससे कार किराए पर मांगी थी। जल निगम और देवबंद शुगर मिल में चलाने की बात कही शिकायतकर्ता के मुताबिक आरोपी ने कहा था कि वह कार को सहारनपुर जल निगम और देवबंद की शुगर मिल में किराए पर चलवाएगा। इसी भरोसे पर 5 जून 2026 से 30 अप्रैल 2027 तक के लिए कार दे दी गई। इसके एवज में 1000 रुपए प्रतिदिन किराया तय हुआ था। अमनदीप के मुताबिक, कार दिए जाने के करीब एक महीने बाद जब उसने किराया मांगा तो आरोपी ने कहा कि अभी बिल पास नहीं हुआ है। बिल पास होते ही रकम उसके बैंक खाते में भेजने की बात कही। इसके बाद भी वह अलग-अलग बातें बताकर भुगतान टालता रहा। शिकायतकर्ता का कहना है कि आरोपी कभी बिल पास नहीं होने तो कभी अन्य कारण बताकर समय मांगता रहा। जानकारी जुटाई तो गिरवी रखने की बात सामने आई तहरीर में अमनदीप ने बताया कि लगातार किराया नहीं मिलने और आरोपी के रवैये पर शक होने के बाद उसने उसके बारे में जानकारी जुटाई। आरोप है कि इसी दौरान उसे पता चला कि आरोपी ने कथित तौर पर अन्य वाहन मालिकों से भी इसी तरह गाड़ियां लेकर उन्हें गिरवी रखा हुआ है। इसके बाद अमनदीप आरोपी के घर पहुंचा और अपनी कार वापस मांगी। शिकायत के अनुसार आरोपी ने उसे बताया कि उसकी कार गिरवी रखी जा चुकी है। आरोप है कि इसके बाद भी आरोपी ने न तो कार वापस की और न ही अब तक उसका किराया दिया। कार और किराया दिलाने की मांग शिकायतकर्ता ने पुलिस से आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की थी। साथ ही उसकी अर्टिगा कार वापस दिलाने और तय किराए की रकम का भुगतान कराने की मांग की गई। तहरीर 16 सितंबर 2026 की है। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है और अब आरोपी से पूछताछ के साथ पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User