सहारनपुर में मामा से मिलने आये युवक की बाइक चोरी:दो आरोपी पकड़े गए, घर के बाहर से ले गए थे गाड़ी
सहारनपुर के कोतवाली देहात क्षेत्र में मामा के घर मिलने आए युवक की बाइक चोरी करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सोमवार दोपहर एक बजे खुब्बनपुर स्थित निर्माणाधीन बाईपास के पास कार्रवाई करते हुए दोनों को पकड़ा। उनके कब्जे से चोरी की गई हीरो स्प्लेंडर प्लस बाइक भी बरामद कर ली गई है। युवक बाइक घर के बाहर खड़ी करके अंदर गया था। करीब आधे घंटे बाद वापस लौटा तो बाइक गायब मिली। काफी तलाश करने के बाद भी पता नहीं चला तो उसने पुलिस से शिकायत की थी। पुलिस के मुताबिक, बेहट थाना क्षेत्र के गांव पानसर निवासी सलमान पुत्र मेहरदीन 16 अक्टूबर 2026 को अपने मामा के घर तेलीपुरा आया था। शाम के समय उसने अपनी काले रंग की हीरो स्प्लेंडर प्लस बाइक घर के बाहर गली में खड़ी कर दी और अंदर चला गया। कुछ देर बाद जब वह वापस लौटा तो बाइक अपनी जगह पर नहीं मिली। अचानक बाइक गायब होने से परेशान सलमान ने आसपास के इलाके में उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद सलमान ने कोतवाली देहात पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने 17 अक्टूबर को अज्ञात आरोपियों के खिलाफ बाइक चोरी का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के संभावित क्षेत्रों में जानकारी जुटाते हुए आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। जांच के दौरान पुलिस को आरोपियों के बारे में जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने खुब्बनपुर निर्माणाधीन बाईपास के पास दबिश देकर दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान तेलीपुरा निवासी मुस्तकीम पुत्र जिन्दा हसन और समीर पुत्र शहजाद के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से सलमान की चोरी हुई स्प्लेंडर प्लस बाइक बरामद की। मोटरसाइकिल का रजिस्ट्रेशन नंबर UP-11BZ-5203 है। बाइक बरामद होने के बाद पुलिस ने मुकदमे में अन्य धाराएं भी बढ़ाई हैं। कोतवाली देहात पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। उन्हें कोर्ट में पेश किया जाएगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)