सहारनपुर में मां शाकंभरी देवी मेले का शुभारंभ:सुरक्षा के लिए 3 जोन और 16 सब-सेक्टर में व्यवस्था, मिलेंगी खास सुविधाएं

Oct 11, 2026 - 20:37
0
सहारनपुर में मां शाकंभरी देवी मेले का शुभारंभ:सुरक्षा के लिए 3 जोन और 16 सब-सेक्टर में व्यवस्था, मिलेंगी खास सुविधाएं
सहारनपुर में सिद्धपीठ मां शाकंभरी देवी मंदिर में रविवार दोपहर दो बजे के करीब शारदीय नवरात्र मेले का शुभारंभ कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी ने फीता काटकर किया। मेले में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं के लिए प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं। पूरे मेला क्षेत्र को तीन जोन और 16 सब-सेक्टर में बांटकर अधिकारियों की तैनाती की गई है। सीसीटीवी कैमरों से निगरानी, सात पार्किंग स्थल, स्वास्थ्य केंद्र और एंबुलेंस की व्यवस्था की गई है। शुभारंभ के अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष मांगेराम चौधरी, विधायक देवेंद्र निम, विधायक किरत सिंह, डीएम अरविंद कुमार चौहान, मुख्य विकास अधिकारी सुनील कुमार वर्मा और भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत राणा समेत जनप्रतिनिधि व अधिकारी मौजूद रहे। मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी ने मां शाकंभरी देवी के धाम को आस्था और आध्यात्मिक परंपरा का प्रमुख केंद्र बताया। उन्होंने श्रद्धालुओं को नवरात्र की शुभकामनाएं देते हुए प्रदेशवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। डीएम अरविंद कुमार चौहान ने मेला क्षेत्र का निरीक्षण किया और श्रद्धालुओं से बातचीत कर व्यवस्थाओं का फीडबैक लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि दर्शन और आवागमन के दौरान किसी श्रद्धालु को परेशानी न हो। मेले में अधिकारियों और कर्मचारियों की आठ-आठ घंटे की शिफ्ट में ड्यूटी लगाई गई है। सुरक्षा के लिए मेला कोतवाली स्थापित करने के साथ पुलिस, पीएसी, होमगार्ड, पीआरडी और महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। पूरे मेला क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है। कंट्रोल रूम के अलावा पुलिस सहायता केंद्र, खोया-पाया केंद्र और मिशन शक्ति केंद्र बनाए गए हैं। भीड़ नियंत्रण के लिए बैरिकेडिंग की गई है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए क्विक रिस्पॉन्स टीमों को तैनात किया गया है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बड़े और छोटे वाहनों के लिए सात पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं। पार्किंग स्थलों पर रेट लिस्ट और साइन बोर्ड लगाने के निर्देश दिए गए हैं। भूरा देव मंदिर से मां शाकंभरी देवी मंदिर तक खोल क्षेत्र में गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों और चलने में असमर्थ श्रद्धालुओं के लिए 10 ई-रिक्शा चलाए जा रहे हैं। लेटकर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए मैट और बैठने के लिए टेंट लगाए गए हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User