सहारनपुर में रिटायर्ड दरोगा के नाम पर फर्जी SIM जारी:फ्रॉड में हुआ इस्तेमाल, FIR दर्ज होने पर चला पता
सहारनपुर में हकीकत नगर निवासी रिटायर्ड दरोगा के आधार कार्ड और फोटो का कथित तौर पर इस्तेमाल कर उनके नाम पर फर्जी तरीके से सिम जारी करने का मामला सामने आया है। हैरानी की बात यह है कि रिटायर्ड दरोगा के नाम पर जारी मोबाइल नंबर का इस्तेमाल साइबर अपराध के एक मामले में किया गया। मुकदमे की जानकारी मिलने के बाद रिटायर्ड दरोगा को पूरे मामले का पता चला। उनकी शिकायत पर मंगलवार सुबह आठ बजे सदर बाजार थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हकीकत नगर निवासी कृष्ण पाल सिंह उत्तर प्रदेश पुलिस में सब इंस्पेक्टर के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं। वह 31 अक्टूबर 2024 को थाना इगलास, जनपद अलीगढ़ से दरोगा पद से रिटायर हुए थे। कृष्ण पाल सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 19 अगस्त 2026 को थाना जहांगीराबाद, बुलंदशहर में तैनात हेड कांस्टेबल प्रवीन कुमार उनके घर पहुंचे थे। हेड कांस्टेबल ने उन्हें बताया कि उनके खिलाफ एक मुकदमा दर्ज है। इस मुकदमे में जिस मोबाइल नंबर का इस्तेमाल हुआ है, वह उनके नाम और पहचान पत्र से जुड़ा हुआ है। मुकदमे के रिकॉर्ड में इस मोबाइल नंबर का IMEI नंबर भी दर्ज बताया गया। कृष्ण पाल सिंह के अनुसार, उन्होंने सौरभ कम्युनिकेशन से दो सिम कार्ड लिए थे, लेकिन साइबर अपराध के मुकदमे में इस्तेमाल किया गया मोबाइल नंबर उन्होंने कभी नहीं लिया। उनका आरोप है कि आधार कार्ड और फोटो का इस्तेमाल कर उनके नाम पर यह सिम किसी दूसरे व्यक्ति को जारी किया गया। मामले की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने सौरभ कम्युनिकेशन से संपर्क कर संबंधित सिम के रिकॉर्ड की जानकारी मांगी। आरोप है कि दुकानदार ने रिकॉर्ड उपलब्ध कराने में आनाकानी की। उन्होंने दूसरे नंबर से भी दुकान पर फोन किया, लेकिन उन्हें बताया गया कि कोई लिखित रजिस्टर उपलब्ध नहीं है। रिटायर्ड दरोगा ने मामले में पहले सदर बाजार थाने में प्रार्थना पत्र दिया था। इसके बाद 5 अक्टूबर को एसएसपी से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की। शिकायत के आधार पर सदर बाजार थाने में एफआईआर दर्ज कर ली गई।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)