अयोध्या में जमीन विवाद में मारपीट:532 दिन बाद कोर्ट के आदेश पर चौकी प्रभारी समेत तीन पर एफआईआर

Oct 06, 2026 - 12:10
0
अयोध्या में जमीन विवाद में मारपीट:532 दिन बाद कोर्ट के आदेश पर चौकी प्रभारी समेत तीन पर एफआईआर
अयोध्या जिले के इनायतनगर थाना क्षेत्र के सिकिया गांव में जमीन पर निर्माण के विरोध को लेकर हुई मारपीट, जातिसूचक गाली देने और धमकी के मामले में घटना के 532 दिन बाद न्यायालय के आदेश पर एफआईआर दर्ज की गई है। मामले में आरोपी बनाए गए लोगों में तत्कालीन हैरिंग्टनगंज चौकी प्रभारी वीरेंद्र कुमार पाल भी शामिल हैं। प्रभारी निरीक्षक राजेश सिंह ने 6 अक्टूबर मंगलवार को बताया कि न्यायालय के आदेश पर संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया है ,विवेचना की जा रही है। सिकिया निवासी पन्नालाल ने न्यायालय में दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि 2 अप्रैल 2025 को गांव के महेंद्र कुमार और चार अन्य लोग बैनामे की जमीन पर निर्माण कराने लगे थे। विरोध करने पर निर्माण रोक दिया गया। आरोप है कि 4 अप्रैल 2025 को सुबह करीब 11 बजे महेंद्र कुमार और अन्य लोग घर में घुस आए और पन्नालाल के साथ मारपीट की। जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। पन्नालाल के मुताबिक, वह उसी दिन हैरिंग्टनगंज चौकी पहुंचा। आरोप है कि तत्कालीन चौकी प्रभारी वीरेंद्र कुमार पाल ने दोनों पक्षों को बुलाकर सादे कागज पर हस्ताक्षर कराए। इसके बाद निर्माण दोबारा शुरू होने पर विरोध करने पर चौकी प्रभारी पर भी अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने और निर्माण न रोकने देने का आरोप लगाया गया। पीड़ित ने 8 अप्रैल 2025 को सीएचसी मिल्कीपुर में मेडिकल कराया। पुलिस स्तर पर कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाते हुए उसने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया। प्रार्थना पत्र में पहले न्यायालय में दाखिल किए गए मामलों और उनके निरस्त होने का भी उल्लेख किया गया है। 4 अप्रैल 2025 की घटना के 532 दिन बाद न्यायालय के आदेश पर इनायतनगर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। एफआईआर में महेंद्र कुमार, तत्कालीन चौकी प्रभारी वीरेंद्र कुमार पाल समेत अन्य आरोपियों को शामिल किया गया है। थाना प्रभारी राजेश सिंह ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User