सहारनपुर में साइबरों ठगों ने खाते से निकाले 3.24 लाख:बेटे के मोबाइल पर आया था अज्ञात नंबर से फोन, दो बैंक खातों से निकली रकम
सहारनपुर में कोतवाली देहात क्षेत्र के शेखपुरा कदीम निवासी रामगोपाल साइबर ठगी का शिकार हो गए। ठगों ने उनके दो बैंक खातों से कुल 3 लाख 24 हजार 702 रुपए निकाल लिए। पीड़ित की शिकायत पर कोतवाली देहात पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। रामगोपाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वो गांव व पोस्ट शेखपुरा कदीम के मोहल्ला तेलपुरा, निकट बड़ा रविदास मंदिर के रहने वाले हैं। उनके बेटे के मोबाइल नंबर पर किसी अज्ञात व्यक्ति का फोन आया था। फोन पर बातचीत के बाद कुछ ही समय में उनके बैंक खातों से बिना अनुमति रकम निकलने लगी। पीड़ित के अनुसार, पहले बैंक खाते से 2 लाख 39 हजार 740 रुपए निकाल लिए गए। इसके बाद दूसरे बैंक खाते से भी 84 हजार 962 रुपए की रकम निकाल ली गई। दोनों खातों से निकाली गई रकम मिलाकर कुल 3 लाख 24 हजार 702 रुपए है। रामगोपाल ने दोनों घटनाओं की शिकायत साइबर अपराध पोर्टल पर भी दर्ज कराई। पहले खाते से निकली रकम और दूसरे खाते से निकली रकम की शिकायत की है। तहरीर के अनुसार, ठगी की घटना 29 अगस्त 2026 से 9 सितंबर 2026 के बीच हुई। पीड़ित ने पुलिस से मामले की जांच कर ठगी करने वाले व्यक्ति या व्यक्तियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने और उसकी रकम वापस दिलाने के लिए प्रयास करने की मांग की है। उसने बताया कि घटना से उसे आर्थिक नुकसान के साथ मानसिक परेशानी भी हुई है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर साइबर ठगी का मुकदमा दर्ज कर लिया है। अब पुलिस साइबर पोर्टल पर दर्ज शिकायतों, बैंक खातों से हुए लेनदेन और मोबाइल नंबरों की जांच के आधार पर ठगी करने वालों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)