सहारनपुर में टूरिस्ट बस बेकाबू होकर झाड़ियों में उतरी:ड्राइवर को नींद की झपकी आने से हुआ हादसा, सभी यात्री सुरक्षित
सहारनपुर में रविवार तड़के पांच बजे के करीब दिल्ली-यमुनोत्री हाईवे पर चालक को नींद की झपकी आने से एक टूरिस्ट बस बेकाबू हो गई। रामपुर मनिहारान क्षेत्र में सढौली दुनीचंदपुर गांव के पास जिओ पेट्रोल पंप के नजदीक बस हाईवे से नीचे उतरकर जंगल की तरफ चली गई और सड़क पर तिरछी होकर खड़ी हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि बस में सवार किसी यात्री को चोट नहीं आई और बड़ा हादसा टल गया। जानकारी के मुताबिक, बस सहारनपुर की ओर से नानौता की तरफ जा रही थी। रविवार सुबह करीब पांच बजे गांव सढौली दुनीचंदपुर के पास जिओ पेट्रोल पंप के नजदीक अचानक चालक का बस से नियंत्रण हट गया। इसके बाद बस हाईवे से नीचे उतर गई और जंगल की तरफ चली गई। बस का एक हिस्सा सड़क की ओर और दूसरा हिस्सा जंगल की तरफ होने से वह तिरछी स्थिति में खड़ी हो गई। बस के अचानक बेकाबू होकर हाईवे से नीचे उतरने के बाद आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। मौके पर लोग मदद के लिए पहुंचे। हालांकि, राहत की बात यह रही कि बस किसी दूसरे वाहन से नहीं टकराई। बस में सवार यात्रियों को भी कोई चोट नहीं आई। बताया जा रहा है कि चालक को नींद की झपकी आने के कारण हादसा हुआ। हादसे के समय सुबह का वक्त होने के कारण दिल्ली-यमुनोत्री हाईवे पर वाहनों की आवाजाही ज्यादा नहीं थी। इसी वजह से बस किसी दूसरे वाहन की चपेट में नहीं आई और बड़ा हादसा होने से बच गया। यदि उस समय हाईवे पर वाहनों का दबाव अधिक होता तो हादसा गंभीर हो सकता था। घटना की सूचना मिलने पर रामपुर मनिहारान थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जानकारी ली। पुलिस ने बस की स्थिति का जायजा लिया और आवश्यक कार्रवाई की। थाना अध्यक्ष ने बताया कि बस चालक को नींद की झपकी आने के कारण वाहन बेकाबू होकर हाईवे से नीचे उतर गया था। हादसे में किसी भी व्यक्ति को चोट नहीं आई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)