मथुरा पुलिस ने 543 गुमशुदा मोबाइल बरामद किए:कीमत 2 करोड़ रुपए, 311 मालिकों को सौंपे गए

Oct 04, 2026 - 16:56
0
मथुरा पुलिस ने 543 गुमशुदा मोबाइल बरामद किए:कीमत 2 करोड़ रुपए, 311 मालिकों को सौंपे गए
मथुरा पुलिस ने गुमशुदा और चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। सर्विलांस सेल और विभिन्न थानों की पुलिस टीमों ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 543 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इनकी अनुमानित कीमत करीब दो करोड़ रुपये बताई गई है। पुलिस अब तक 311 मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को सौंप चुकी है, जबकि शेष 232 मोबाइल भी जल्द सुपुर्द किए जाएंगे। रविवार को एसपी क्राइम श्वेता यादव ने पुलिस की इस उपलब्धि की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 12 मई से 30 सितंबर 2026 के बीच गुम हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए लगातार प्रयास किए गए। इसके लिए केंद्रीय उपकरण पहचान रजिस्टर (सीईआईआर) पोर्टल की मदद ली गई। मोबाइल फोन को तकनीकी माध्यमों से ट्रेस करने के साथ ही सीमावर्ती राज्यों की पुलिस से भी समन्वय स्थापित किया गया। इसके परिणामस्वरूप पुलिस को 543 मोबाइल फोन बरामद करने में सफलता मिली। एसपी क्राइम ने बताया कि बरामद मोबाइल फोन में से 311 फोन संबंधित थानों के माध्यम से उनके वास्तविक स्वामियों को वापस दिए जा चुके हैं। शेष 232 मोबाइल फोन के मालिकों की पहचान कर उन्हें सूचना दी जा रही है। जल्द ही इन लोगों को भी उनके मोबाइल सौंप दिए जाएंगे। वृंदावन से सबसे अधिक 140 मोबाइल बरामद थानावार बरामदगी में वृंदावन थाना पुलिस सबसे आगे रही। यहां से 140 मोबाइल फोन बरामद किए गए। इसके अलावा गोवर्धन से 72, पर्यटन थाना से 64, कोतवाली से 42, कोसीकलां से 39, जैत से 22 और हाईवे थाना क्षेत्र से 20 मोबाइल फोन बरामद हुए। जनपद के अन्य थाना क्षेत्रों से भी मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। मोबाइल वापस मिलने पर खिले चेहरे लंबे समय से अपने गुम हुए मोबाइल फोन मिलने का इंतजार कर रहे लोगों को पुलिस की इस कार्रवाई से बड़ी राहत मिली है। मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरे खुशी से खिल उठे। उन्होंने मथुरा पुलिस का आभार जताया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह सफलता तकनीकी संसाधनों के प्रभावी इस्तेमाल, सर्विलांस सेल की सक्रियता और विभिन्न थाना पुलिस के बेहतर समन्वय का परिणाम है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User