सहारनपुर में विवाहिता की दोनों बाजू तोड़ीं:घर से निकाला और जान से मारने की धमकी दी, 15 साल पहले हुई थी शादी,पति समेत 4 पर FIR
सहारनपुर के कुतुबशेर थाना क्षेत्र में करीब 15 साल पहले हुई शादी के बाद से विवाहिता को कथित रूप से प्रताड़ित करने और मारपीट करने का मामला सामने आया है। महिला ने पति, ससुर, देवर और पति के दोस्त पर एकराय होकर मारपीट करने का आरोप लगाया है। महिला का आरोप है कि मारपीट में उसकी दोनों बाजू टूट गईं। शिकायत के आधार पर गुरुवार सुबह आठ बजे कुतुबशेर थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। रामगढ़ रोड स्थित अलतमश गार्डन निवासी नर्गीस पत्नी मोहसीन ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका निकाह करीब 15 साल पहले मोहसीन पुत्र वसीम निवासी हसनपुर चुंगी के साथ मुस्लिम रीति-रिवाज से हुआ था। आरोप है कि शादी के बाद से ही पति और ससुराल पक्ष के लोग उसे परेशान करते थे और उसके साथ मारपीट करते थे। महिला के मुताबिक, 3 अक्टूबर 2026 को पति मोहसीन, ससुर वसीम, देवर आरिफ और पति का दोस्त अरशद ने एकराय होकर उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की। आरोप है कि सभी ने लात-घूंसों और लाठी-डंडों से उसे बुरी तरह पीटा। इस दौरान उसकी दोनों बाजू टूट गईं। मारपीट के बाद आरोपियों ने उसे घर से बाहर निकाल दिया। नर्गीस का आरोप है कि घर से निकालते समय आरोपियों ने धमकी दी कि यदि वह दोबारा घर आई तो उसे जान से मार देंगे। इसके बाद महिला ने अपनी जान-माल को खतरा बताते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की। शिकायत में महिला ने बताया कि घटना के बाद वह इलाज करा रही थी। उपचार के बाद वह मुकदमा दर्ज कराने कुतुबशेर थाने पहुंची। पुलिस ने उसकी तहरीर के आधार पर पति मोहसीन, ससुर वसीम, देवर आरिफ और मोहसीन के दोस्त अरशद के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)