शिकोहाबाद में 30 हजार रुपये की रिश्वत लेते पेशकार गिरफ्तार:चकबंदी के लंबित मामले में पक्ष में फैसला कराने के नाम पर मांगी थी रकम
फिरोजाबाद। शिकोहाबाद तहसील स्थित चकबंदी विभाग में तैनात पेशकार को 30 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए सतर्कता अधिष्ठान आगरा की टीम ने गुरुवार दोपहर 2 बजे रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपित पेशकार की पहचान नूर मोहम्मद के रूप में हुई है। टीम ने उसके खिलाफ भ्रष्टाचार से संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कराकर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। सतर्कता अधिष्ठान की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, शिकायतकर्ता रामकुमार पुत्र स्व. श्रीनिवास की करीब तीन एकड़ (15 बीघा) जमीन के वारिसान में गलत नाम दर्ज हो गया था। इस मामले में उन्होंने बंदोबस्त चकबंदी अधिकारी, तहसील शिकोहाबाद के यहां वाद संख्या 134/2025 के तहत अपील दाखिल की थी। फैसला रामकुमार के पक्ष में आने के बाद विपक्षी पक्ष ने रेस्टोरेशन दाखिल कर दिया, जो अभी लंबित है। आरोप है कि इसी मामले में दोबारा शिकायतकर्ता के पक्ष में फैसला कराने के नाम पर पेशकार नूर मोहम्मद ने 30 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। शिकायतकर्ता रिश्वत नहीं देना चाहता था। उसने इसकी शिकायत सतर्कता अधिष्ठान आगरा से की। शिकायत की गोपनीय जांच में मामला सही पाए जाने के बाद टीम ने ट्रैप की योजना बनाई। गुरुवार, 15 अक्टूबर को सतर्कता अधिष्ठान की टीम ने कार्रवाई करते हुए पेशकार नूर मोहम्मद को शिकायतकर्ता रामकुमार से 30 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद आरोपित के खिलाफ उत्तर प्रदेश सतर्कता अधिष्ठान आगरा थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कराकर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। सतर्कता अधिष्ठान आगरा के पुलिस अधीक्षक राजकुमार अग्रवाल ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई सरकारी अधिकारी या कर्मचारी रिश्वत की मांग करता है तो इसकी शिकायत तत्काल करें। इसके लिए हेल्पलाइन नंबर 9454401864, 9454404853 और सतर्कता मुख्यालय के नंबर 9454401866 पर संपर्क किया जा सकता है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)