शिक्षा निकेतन में 'वंदे मातरम्' के 150 साल का जश्न:'पुनर्नवा' सांस्कृतिक संध्या में छात्रों ने बिखेरी भारतीय संस्कृति की छटा
कानपुर। ‘वंदे मातरम्’ के 150वें वर्ष के उपलक्ष्य में बीएनएसडी शिक्षा निकेतन इंटर कॉलेज, बेनाझाबर में शनिवार को देर रात ‘पुनर्नवा-सांस्कृतिक संध्या’ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से भारतीय संस्कृति, पारिवारिक मूल्यों और राष्ट्रभक्ति की मनमोहक छटा बिखेरी। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कानपुर प्रांत प्रचारक श्रीराम जी के आगमन पर वैदिक मंत्रोच्चार, शंखनाद और एनसीसी कैडेटों के गार्ड ऑफ ऑनर के साथ हुआ। मुख्य अतिथि ने विद्यालय के प्रेरणास्रोत श्रद्धेय बैरिस्टर नरेंद्रजीत सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद दीप प्रज्वलन और मंगलाचरण के साथ समारोह शुरू हुआ। विद्यार्थियों ने ‘राधा रमणम् हरे-हरे’ भजन और ‘वंदे मातरम्’ की प्रस्तुति से वातावरण भक्तिमय बना दिया। नन्हे विद्यार्थियों ने ‘दादी अम्मा मान जाओ’ और ‘रिश्तों का अनमोल संसार’ के जरिए पारिवारिक संबंधों का महत्व समझाया। देवी गीत, गरबा, भोजपुरी लोकगीत और ‘मेरा भारत मेरी पहचान’ जैसी प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। समारोह का प्रमुख आकर्षण ‘वंदे मातरम्-राष्ट्रभक्ति की अमर गाथा’ नृत्य नाटिका रही। प्रस्तुति के दौरान परिसर भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारों से गूंज उठा। सामूहिक गीतों ने भी दर्शकों में देशप्रेम का उत्साह भर दिया। अध्यक्षीय संबोधन में विद्यालय के संरक्षक वीरेंद्रजीत पराक्रम आदित्य ने विद्यार्थियों के प्रदर्शन की सराहना की। मुख्य अतिथि श्रीराम जी ने अपने संबोधन में ‘कुटुंब प्रबोधन’ पर जोर देते हुए कहा कि परिवार बच्चों की पहली पाठशाला है। सत्य, करुणा, अनुशासन और आदर जैसे संस्कारों की नींव परिवार में ही पड़ती है। संस्कारयुक्त परिवार से ही सशक्त समाज और स्वाभिमानी राष्ट्र का निर्माण संभव है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों के साथ समय बिताने और उन्हें सांस्कृतिक परंपराओं से जोड़ने का आह्वान किया। विद्यालय के उपाध्यक्ष बालकृष्ण लाहोटी ने अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षकों और विद्यार्थियों के प्रति आभार जताया। कार्यक्रम में प्रबंधक आदित्य शंकर बाजपेयी, सह-प्रबंधक भवानी भीख तिवारी, प्रधानाचार्य बृजमोहन कुमार सिंह सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)