शिक्षक MLC के चुनाव में लगी भाजपा-सपा की प्रतिष्ठा:दोनों दलों के संगठन ने झोंकी ताकत; सांसद, विधायक भी मैदान में उतारे गए

Oct 18, 2026 - 05:46
0
शिक्षक MLC के चुनाव में लगी भाजपा-सपा की प्रतिष्ठा:दोनों दलों के संगठन ने झोंकी ताकत; सांसद, विधायक भी मैदान में उतारे गए
गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र का चुनाव भाजपा और सपा के लिए प्रतिष्ठा का विषय बन गया है। दोनों दलों ने अपने संगठन की पूरी ताकत झोंक दी है। सांसद व विधायकों को भी मैदान में उतार दिया गया है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव खुद नियमित रूप से इसकी निगरानी कर रहे हैं। इस निर्वाचन क्षेत्र के विभिन्न जिलों में अपने दौरे के दौरान उन्होंने डा. संजयन त्रिपाठी को जिताने की अपील संगठन के नेताओं से की है। इधर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने खुद ही अलग-अलग जिलों में प्रचार शुरू कर दिया है। प्रदेश पदाधिकारियों को भी भाजपा को जीत दिलाने के लिए लगाया गया है। शिक्षक एमएलसी के चुनाव में ऐसा पहली बार है जब भाजपा अपना प्रत्याशी लड़ा रही है। 2020 के चुनाव में इस क्षेत्र से भाजपा ने किसी को प्रत्याशी नहीं बनाया था और शर्मा गुट के प्रत्याशी रहे ध्रुव कुमार त्रिपाठी को सपोर्ट किया था। इस चुनाव में ध्रुव को भाजपा ने अपना प्रत्याशी बनाया है। इसी बीच भाजपा के बागी के रूप में डा. संजयन त्रिपाठी मैदान में आ गए। उनके नामांकन के अगले ही दिन सपा ने उन्हें पार्टी में शामिल कराते हुए अपना प्रत्याशी बना लिया। संजयन के प्रत्याशी बनने के बाद सपा ने भी अपनी पूरी ताकत लगा दी है। 2020 के चुनाव में सपा नहीं दिखी थी आक्रामक 2020 में सपा ने यहां से अवधेश यादव को अपना प्रत्याशी बनाया था। लेकिन वह चर्चा में नहीं आ सके थे। सपा भी इस तरह से आक्रामक नजर नहीं आयी थी, जितना इस बार हैं। पिछले चुनाव में पार्टी को लगभग ढाई हजार वोट ही मिले थे। लेकिन हर जिले में सपा ने इस बार प्रभारी बनाए हैं और अपने वर्तमान एवं पूर्व जनप्रतिनिधियों को लगा दिया गया है। जहां जिस जाति के मतदाता अधिक हैं, वहां उसी जाति के नेता को लगाया जा रहा है। हर जिले में प्रभारी के साथ सह प्रभारी भी बनाए गए हैं। सपा के प्रभारी जिलाध्यक्ष ब्रजेश कुमार गौतम पूरी तरह से संजयन के यहां नजर आ रहे हैं। संजयन के सपा में जाने के बाद भाजपा भी सक्रिय हुई डा. संजयन को जब भाजपा से टिकट नहीं मिला तो वह भी सपा में शामिल हो गए। सपा से उन्हें प्रत्याशी बनाए जाने के बाद भाजपा ने भी अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में शिक्षक सम्मेलन को संबोधित किया। इसमें सभी 17 जिलों के शिक्षक मौजूद थे। उसके बाद से ही क्षेत्रीय टीम, प्रदेश के अन्य पदाधिकारी और अब स्वयं प्रदेश अध्यक्ष भी चुनाव प्रचार में जुट गए हैं। प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने 17 अक्टूबर की रात रानीडीहा स्थित भाजपा के क्षेत्रीय कार्यालय पर सांसद, विधायकों, पूर्व जनप्रतिनिधियों की बैठक बुलाई थी। इस दौरान यूपी के सह प्रभारी भी मौजूद रहे। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दूसरे जनपदों में जाकर भाजपा प्रत्याशी को जिताने की अपील करते नजर आ रहे हैं। जानिए चर्चा से दूर रहने वाले शिक्षक चुनाव से दलों की प्रतिष्ठा कैसे जुड़ी 2027 का विधानसभा चुनाव भी अब नजदीक है। ऐसे में भाजपा हर हाल में एमएलसी का चुनाव जीतना चाहती है। सपा भी यहां जीत हासिल करने कर विधानसभा चुनाव में बड़ा संदेश देना चाहती है। चुनाव सपा के पक्ष में गया तो ब्राह्मणों के पार्टी से जुड़ने के दावे की सव्वाई को बल मिलेगा। वरिष्ठ पत्रकार आलोक दूबे ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की कर्मभूमि होने के कारण गोरखपुर-फैजाबाद सीट पर भाजपा की प्रतिष्ठा स्वाभाविक रूप से जुड़ी है। निर्वाचन क्षेत्र के अधिकांश जिलों में भाजपा की मजबूत स्थिति मानी जाती है। इस पकड़ को बरकरार रखने के लिए पार्टी के छोटे-बड़े नेता चुनावी मैदान में उतर चुके हैं। वहीं, सपा भी इस सीट को अपनी प्रतिष्ठा का सवाल बनाकर जोरदार मुकाबले में जुटी है। सपा अगर यह सीट जीतने में सफल होती है तो इसके राजनीतिक मायने दूर तक जाएंगे। सपा प्रमुख अखिलेश यादव भी लगातार अपने कार्यकर्ताओं को इसी संदेश के साथ चुनाव में जुटने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। बहरहाल, इस चुनाव में जीत किसी भी पार्टी की हो, उसे आगामी विधानसभा चुनाव के लिए मनोवैज्ञानिक बढ़त जरूर मिल जाएगी। वरिष्ठ पत्रकार डीबीबी मिश्र कहते हैं शिक्षक एमएलसी चुनाव परिणाम इस बार अन्य चुनावों के लिए पब्लिक वोटिंग बिहेवियर का टेस्टिंग एजेंसी की तरह काम करेगा। इसलिए यूपी में भाजपा और सपा दोनों दलों के लिए करो या मरो की स्थिति है। दोनों दलों के प्रत्याशी ब्राह्मण हैं इसलिए ब्राह्मण आक्रोश जैसा कोई फैक्टर उतना काम नहीं करेगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User