श्रावस्ती में 10 दिन बाद भी बिजली संकट बरकरार:350 गांवों में बिजली बहाल, फिर भी कई इलाके अंधेरे में; 1575 पोल बदलना बाकी

Oct 04, 2026 - 09:21
0
श्रावस्ती में 10 दिन बाद भी बिजली संकट बरकरार:350 गांवों में बिजली बहाल, फिर भी कई इलाके अंधेरे में; 1575 पोल बदलना बाकी
श्रावस्ती में भारी बारिश, तेज हवा और अतिवृष्टि से बिजली व्यवस्था को हुए नुकसान के करीब 10 दिन बाद भी ग्रामीण इलाकों में हालात पूरी तरह सामान्य नहीं हो सके हैं। कई गांवों में अब भी बिजली आपूर्ति बाधित है। रविवार सुबह 9 बजे बिजली विभाग के मुताबिक, 24 और 25 सितंबर को खराब मौसम के कारण जिले को बिजली आपूर्ति करने वाले 13 विद्युत उपकेंद्रों की सप्लाई पूरी तरह ठप हो गई थी। इससे बड़ी संख्या में गांव प्रभावित हुए। अधिशासी अभियंता विद्युत राज नारायण ने बताया कि आपदा के दौरान जिले में 2110 विद्युत पोल और विभिन्न क्षमता के 45 ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हुए थे। मौसम सामान्य होने के बाद उपकेंद्रवार टीमें गठित कर तत्काल मरम्मत कार्य शुरू कराया गया। अब तक 535 क्षतिग्रस्त पोल बदले जा चुके हैं। 33 ट्रांसफार्मर लगाकर 350 प्रभावित गांवों में बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई है। हालांकि, अभी 1575 पोल बदले जाने बाकी हैं। जिले को अब तक 610 अतिरिक्त पोल मिले क्षतिग्रस्त विद्युत लाइनों की मरम्मत के लिए पावर कारपोरेशन मुख्यालय से चरणबद्ध तरीके से पोल आवंटित किए जा रहे हैं। विभाग के अनुसार जिले को अब तक 610 अतिरिक्त पोल मिल चुके हैं। अधिशासी अभियंता ने बताया कि भंडार केंद्र पर जरूरत के अनुसार लाइन सामग्री उपलब्ध है। विद्युतकर्मी और कार्यदायी संस्था के कर्मचारी लगातार मरम्मत कार्य में जुटे हैं। शेष क्षतिग्रस्त पोल बदलने के साथ खराब ट्रांसफार्मर लगाए जाने के बाद बाकी गांवों में भी बिजली आपूर्ति सामान्य कराने का प्रयास किया जा रहा है। दिन में मरम्मत के कारण कटौती, रात में दी जा रही बिजली ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली संकट के चलते लोगों को अभी भी परेशानी उठानी पड़ रही है। जिन इलाकों में बिजली आपूर्ति बहाल हो चुकी है, वहां भी दिन में मरम्मत कार्य के चलते सप्लाई बाधित रखी जा रही है। इन क्षेत्रों में रात के समय बिजली आपूर्ति दी जा रही है। विभाग का कहना है कि दिन में मरम्मत कार्य तेजी से कराया जा रहा है, ताकि जिन गांवों में अभी बिजली नहीं पहुंची है, वहां भी जल्द से जल्द आपूर्ति बहाल की जा सके।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User