आईफोन का लालच देकर नाबालिग के कराई चोरी:फतेहपुर में भतीजे से टीचर के घर चोरी कराई, 20 लाख के जेवर बरामद; गिरफ्तार
फतेहपुर की सदर कोतवाली क्षेत्र की एक कॉलोनी में शिक्षक के घर हुई करीब 20 लाख रुपए के सोने-चांदी के जेवरों की चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के मुताबिक, शिक्षक के 14 वर्षीय भतीजे को आईफोन और पैसों का लालच देकर घर के लॉकर से जेवर चोरी कराए गए थे। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी किए गए जेवर बरामद कर लिए गए हैं। 30 सितंबर की शाम शिक्षक अपनी पत्नी के साथ बाजार गए थे। इसी दौरान उनका नाबालिग भतीजा घर पहुंचा और लॉकर से मंगलसूत्र, सोने की चेन, ब्रेसलेट समेत करीब 20 लाख रुपये के जेवर निकाल लिए। आरोप है कि मसवानी निवासी कारोबारी के बेटे रहमान और उसके दोस्त एरम ने नाबालिग को चोरी के लिए तैयार किया था। शिक्षक दंपती जब बाजार से वापस घर लौटे तो लॉकर से जेवर गायब देखकर उनके होश उड़ गए। उन्होंने तत्काल सदर कोतवाली पुलिस को सूचना दी। करीब 20 लाख रुपये के जेवर चोरी होने की जानकारी पर पुलिस ने जांच शुरू की और घर में आने-जाने वालों से पूछताछ की। नाबालिग से पूछताछ में खुली पूरी साजिश जांच के दौरान पुलिस को शिक्षक के नाबालिग भतीजे पर शक हुआ। पूछताछ में उसने पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। उसके मुताबिक, रहमान और एरम ने उसे आईफोन और रुपये देने का लालच दिया था। इसके बाद उसने शिक्षक के घर से जेवर चोरी कर लिए। नाबालिग की निशानदेही और सूचना के आधार पर पुलिस ने शनिवार को रहमान को लखनऊ बाईपास के पास एक दुकान से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी किए गए मंगलसूत्र, सोने की चेन, ब्रेसलेट समेत अन्य जेवर बरामद किए हैं। एरम की तलाश, आरोपी को भेजा गया जेल सदर कोतवाली प्रभारी हेमंत मिश्रा ने बताया कि गिरफ्तार रहमान को शनिवार शाम अदालत में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। घटना में शामिल दूसरा आरोपी एरम फरार है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)