श्रावस्ती में 12 दिन बाद भी गांवों में अंधेरा:400 गांवों की बिजली लौटी, बाकी में काम जारी; विधायक ने CM से मांगे संसाधन

Oct 05, 2026 - 09:44
0
श्रावस्ती में 12 दिन बाद भी गांवों में अंधेरा:400 गांवों की बिजली लौटी, बाकी में काम जारी; विधायक ने CM से मांगे संसाधन
श्रावस्ती में भारी बारिश और तूफान के बाद चरमराई विद्युत व्यवस्था 12 दिन बाद भी पूरी तरह पटरी पर नहीं लौट सकी है। सोमवार सुबह 8 बजे तक इकौना और जमुनहा क्षेत्र के कई ग्रामीण इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित रही। हालांकि अधिकांश शहरी क्षेत्रों, कस्बों और कई गांवों में आपूर्ति बहाल कर दी गई है, लेकिन कई गांवों के लोग अब भी बिजली का इंतजार कर रहे हैं। विद्युत विभाग का दावा है कि एक-दो दिन में जिलेभर में आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी। बारिश और तेज आंधी के दौरान जगह-जगह बिजली के पोल टूटने और पेड़ गिरने से विद्युत लाइनों को भारी नुकसान पहुंचा था। इसके बाद से विभागीय टीमें क्षतिग्रस्त पोल और लाइनों की मरम्मत में जुटी हैं। विभाग के अनुसार, अब तक करीब 600 टूटे बिजली के पोल बदले जा चुके हैं। वहीं, ट्रांसफार्मर लगाकर करीब 400 प्रभावित गांवों में विद्युत आपूर्ति सामान्य कराई गई है। मौसम में बदलाव के बावजूद दिन में धूप और गर्मी लोगों की परेशानी बढ़ा रही है। वहीं, रात में बिजली न होने से अंधेरे और उमस के बीच लोगों को रहना पड़ रहा है। घरों में पंखे और अन्य विद्युत उपकरण बंद रहने से बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को विशेष दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बिजली पर निर्भर कारोबार भी प्रभावित हैं। दुकानदारों को पर्याप्त रोशनी और अन्य सुविधाएं नहीं मिलने के कारण समय से पहले दुकानें बंद करनी पड़ रही हैं। इससे उनके कारोबार और आमदनी पर असर पड़ रहा है। जिले की विद्युत व्यवस्था को लेकर भाजपा विधायक पंडित राम फेरन पांडेय ने बीते शुक्रवार को लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की थी। विधायक ने क्षेत्र में बिजली संकट की स्थिति से मुख्यमंत्री को अवगत कराया। उन्हें जल्द समस्या का समाधान कराने का आश्वासन मिला था। अब ग्रामीणों को विभाग के मरम्मत कार्य में तेजी आने और जल्द बिजली संकट से राहत मिलने की उम्मीद है। हालांकि, विभाग ने एक-दो दिन में पूरे जिले में आपूर्ति बहाल करने का दावा किया है। अब देखना होगा कि यह दावा कितना पूरा हो पाता है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User