श्रावस्ती में त्योहारों को लेकर प्रशासन अलर्ट:पूजा पंडालों और विसर्जन स्थलों पर CCTV से निगरानी, अश्लील गानों पर रोक

Oct 08, 2026 - 17:58
0
श्रावस्ती में त्योहारों को लेकर प्रशासन अलर्ट:पूजा पंडालों और विसर्जन स्थलों पर CCTV से निगरानी, अश्लील गानों पर रोक
श्रावस्ती में दुर्गा पूजा, महानवमी और दशहरा समेत आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। गुरुवार शाम कलेक्ट्रेट सभागार में हुई केंद्रीय शांति समिति की बैठक में डीएम अन्नपूर्णा गर्ग ने पूजा पंडालों, विसर्जन मार्गों और स्थलों पर व्यवस्थाएं समय से दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि सभी लोग त्योहार आपसी भाईचारे के साथ मनाएं। त्योहार के दौरान ऐसी कोई नई परंपरा शुरू न की जाए, जिससे शांति व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका हो। पूर्व में अमन-चैन बिगाड़ने वाले संभावित लोगों को चिन्हित कर पाबंद करने के निर्देश भी दिए गए। पूजा पंडालों में अश्लील गाने और डांस पर पूरी तरह रोक रहेगी। सभी पूजा पंडालों और विसर्जन स्थलों पर CCTV कैमरों से निगरानी की जाएगी। मूर्ति विसर्जन केवल निर्धारित स्थलों पर ही कराने के निर्देश दिए गए हैं। बिजली, सफाई और पानी की व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश डीएम ने विद्युत विभाग को त्योहारों के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा। नगर पालिका भिनगा, नगर पंचायत इकौना और पंचायती राज विभाग को पूजा पंडालों, विसर्जन मार्गों और विसर्जन स्थलों पर साफ-सफाई और पेयजल की व्यवस्था कराने के निर्देश दिए गए। स्वास्थ्य विभाग को सभी सीएचसी और पीएचसी पर डॉक्टरों की उपलब्धता सुनिश्चित रखने को कहा गया। धार्मिक स्थलों पर क्षमता से अधिक भीड़ एकत्र न होने देने पर भी जोर दिया गया। संवेदनशील क्षेत्रों में बढ़ेगी मोबाइल पेट्रोलिंग एसपी राहुल भाटी ने क्षेत्राधिकारियों, थानाध्यक्षों और चौकी प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहने के निर्देश दिए। संवेदनशील क्षेत्रों में मोबाइल पेट्रोलिंग बढ़ाने और छोटी से छोटी घटना की सूचना पर तत्काल मौके पर पहुंचकर प्रभावी कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को संभावित अराजक तत्वों पर नजर रखने और हर हाल में सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने के निर्देश दिए।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User