शराबियों ने पुलिसकर्मी को शराब दुकान में किया कैद:अलीगढ़ में थानाध्यक्ष ने ताला खुलवाकर सिपाही को निकाला, सिपाही ने दर्ज कराया मुकदमा
चण्डौस में गांधी जयंती के अवसर पर शराब की दुकानों की बंदी के बावजूद कोतवाली क्षेत्र के गांव जामुनका के माजरा विजयपुरा में देसी शराब के ठेके के पास बनी कैंटीन में शराब परोसे जाने का मामला सामने आया है। सूचना पर जांच करने पहुंचे कोतवाली के सिपाही योगेंद्र कुमार को कैंटीन संचालक ने कथित तौर पर अंदर बंद कर दिया। सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और कैंटीन का ताला खुलवाकर सिपाही को बाहर निकाला। पुलिस ने मौके से कैंटीन संचालक को हिरासत में ले लिया है। दुकान खुलने की सूचना जांच के लिए पहुंची थी पुलिस बताया गया कि शुक्रवार को गांधी जयंती के चलते शराब की सभी दुकानें बंद थीं। गश्त के दौरान सिपाही योगेंद्र कुमार को विजयपुरा में शराब पिलाए जाने की सूचना मिली। जिसपर वह मौके पर पहुंचे तो शराब की दुकान के बराबर स्थित कैंटीन खुली मिली और कुछ लोग अंदर बैठे थे। सिपाही ने संचालक से पूछताछ की और जांच के लिए कैंटीन के अंदर गया। आरोप है कि इसी दौरान संचालक ने शटर गिराकर ताला लगा दिया। थानाध्यक्ष ने ताला खुलवाया सिपाही ने फोन से थानाध्यक्ष मोनू कुमार आर्य को घटना की जानकारी दी। इसके बाद थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और ताला खुलवाकर सिपाही को बाहर निकाला। पूरे मामले में शुक्रवार की देर रात सिपाही योगेंद्र कुमार ने कैंटीन संचालक विजेंद्र सिंह पुत्र जसवंत सिंह निवासी गांव रेसरा और उसकी पत्नी को नामजद करते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। थाना प्रभारी मोनू कुमार आर्य ने बताया कि सिपाही की तहरीर पर कैंटीन संचालक और उसकी पत्नी के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और कैंटीन संचालक को हिरासत में लिया गया है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)